सफाई कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
हरियाणा सरकार की बेरुखी और लंबित मांगों को लेकर ऑल सफाई कामगार संघर्ष समिति के बैनर तले जिले के सैकड़ों सफाई कर्मचारियों ने रोष प्रदर्शन किया और जिला उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री नायब सैनी के नाम मांगों का ज्ञापन...
हरियाणा सरकार की बेरुखी और लंबित मांगों को लेकर ऑल सफाई कामगार संघर्ष समिति के बैनर तले जिले के सैकड़ों सफाई कर्मचारियों ने रोष प्रदर्शन किया और जिला उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री नायब सैनी के नाम मांगों का ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन की अध्यक्षता नगर पालिका कर्मचारी संघ के जिला प्रधान विजय ढाका और ग्रामीण कर्मचारी जिला प्रधान सुनील कुमार ने संयुक्त रूप से की। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों को राज्य वरिष्ठ उप प्रधान रमेश तोषामड़, पूर्व प्रधान बेगराज और इकाई प्रधान नरेश राणा ने संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने 24 नवंबर 2024 को जींद की रैली में सफाई कर्मचारियों का वेतन 26-27 हजार रुपये करने की घोषणा की थी, जो आज तक धरातल पर नहीं उतरी है। नेताओं ने आरोप लगाया कि 99 प्रतिशत सफाई कर्मचारी डीएससी समाज से आते हैं और सरकार खुद को इनका हितैषी बताकर इनकी अनदेखी कर रही है।
संघर्ष समिति ने मांग की कि हाईकोर्ट के आदेशानुसार 31 दिसंबर, 2025 तक के सभी कच्चे कर्मचारियों को बिना शर्त पक्का किया जाए।
इस मौके पर ओम प्रकाश लॉट, वीरू रत्ती, अनिल चौहान, हरपाल सिंह सहित कई अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

