महम कांड ने बदला सारा इतिहास, मुलायम परिवार के 37 एमपी, देवीलाल का एक भी नहीं
भट्टू के गांवों में की सभाएं, पूर्व मंत्री रणजीत सिंह का छलका दर्द
पूर्व मंत्री रणजीत सिंह ने रविवार को भट्टूकलां क्षेत्र के गांव मेहुवाला व किरढ़ान में ग्रामीण जनसभाओं को संबोधित किया। इस अवसर पर उनका दर्द छलका और कहा कि आज मुलायम परिवार के 37 एमपी हैं, जबकि देवीलाल परिवार का एक भी नहीं। चौधरी देवीलाल की वो पॉजिशन थी कि दो-दो प्रधानमंत्री बनाए। कई सीएम बनाए। लालू-मुलायम को सीएम बनाया। वहां से अब कहां पहुंच गए हैं। महम कांड ने सारा इतिहास बदल दिया।
उन्होंने कहा कि जब चौधरी देवीलाल दिल्ली में रैली करते थे, तो सारे हिंदुस्तान की चौधर लेते थे। ऐसे हम भी कुछ लेंगे। हालांकि, अभी आगामी चुनावों में काफी समय पड़ा है। इसलिए रैली करने में अभी जल्दी नहीं करेंगे। हिसार में बड़ी रैली करेंगे। उन्होंने इनेलो और जजपा का नाम लिए बिना कहा कि रैली तो दोनों की हो गई। कोई चर्चा है या भूल गए।
भट्टू कलां पर चर्चा करते हुये पूर्व मंत्री रणजीत सिंह ने कहा कि परिसीमन के बाद नए हलके बनेंगे, उसमें पार्लियामेंट की सीटें भी बढ़ेंगी। तीन संसदीय क्षेत्र बढ़े तो 27 नए विधानसभा क्षेत्र बनेंगे। भट्टू भी दोबारा हलका बन सकता है। मगर कौन सा हलका रिजर्व रहेगा, यह बाद की बातें हैं। उन्होंने कहा कि मैंने कभी किसी से बदतमीजी नहीं की। कभी किसी से दो पैसे नहीं लिए। जैसा आपने दिया, वैसा ही वापस दिया। भट्टू क्षेत्र के हमेशा कर्जदार रहे हैं, यहां के लोगों ने चौधरी देवीलाल और उनके परिवार को खूब इज्जत दी है। आगे भी कर्जदार रहेंगे। पूर्व मंत्री रणजीत सिंह ने किसानों के बच्चों से कहा कि खेती कार्य ज्यादा बढ़िया नहीं है। खेती करने वाले आदमी विश्व में कहीं भी 8 प्रतिशत से ज्यादा नहीं है। अब हमारे देश भारत और पड़ोसी देशों बांग्लादेश, पाकिस्तान और श्रीलंका में 60 प्रतिशत लोग खेती करते हैं। खेती में कोई आमदनी नहीं है।

