भर्तियों में हरियाणा के युवाओं की अनदेखी कर रही सरकार : बृजेंद्र सीवन, 1 मार्च (निस)
सद्भाव यात्रा को 148 दिन पूरे, सीवन में वाल्मीकि समाज ने किया स्वागत
कांग्रेस नेता व पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सद्भाव यात्रा रविवार को अपने 148वें दिन में प्रवेश कर गई। यात्रा गुहला-चीका क्षेत्र के गांव खरकां से शुरू होकर समाधां, थेह खरक, घोघ, नागल और गोरहा से होती हुई सीवन गांव पहुंची। यहां वाल्मीकि धर्मशाला में वाल्मीकि समाज द्वारा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। जनसभा को संबोधित करते हुए बृजेंद्र सिंह ने प्रदेश में सरकारी नियुक्तियों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्तियों में हरियाणा के युवाओं के साथ भेदभाव किया जा रहा है और बाहरी अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि इससे शिक्षित युवाओं में रोष बढ़ रहा है। यदि प्रदेश के युवाओं की योग्यता पर सवाल उठाए जाते हैं तो यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को पारदर्शिता के दावों से आगे बढ़कर ठोस कदम उठाने चाहिए।
पूर्व सांसद ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह सत्ता में बने रहने के लिए समाज को धर्म और जाति के आधार पर बांटने की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि ऐसी राजनीति से भाईचारा और लोकतांत्रिक मूल्यों को नुकसान पहुंचता है। उन्होंने दावा किया कि देश की राजनीति में बदलाव की शुरुआत हो चुकी है। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर, मुकेश डोंगर व सुभाष वाल्मीकि मौजूद रहे।
विदेश नीति और समझौतों पर सवाल
बृजेंद्र सिंह ने केंद्र सरकार की विदेश नीति और प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कृषि, डेयरी, ऊर्जा, डिजिटल डेटा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की रियायत देने से पहले व्यापक चर्चा आवश्यक है। किसान और छोटे व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं।

