नशे की गिरफ्त में फंसे युवाओं को मुख्यधारा में लाना ही लक्ष्य : भवानी
नशे के सौदागरों से लड़ने के लिए ‘नशामुक्ति सेना’ का गठन
जिले में पिछले करीब सवा साल से युवाओं को नशे के दलदल से निकालने के लिए प्रयासरत महाशक्ति चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान और भाजपा नेता भवानी सिंह ने अब एक बड़े अभियान की शुरुआत की है। शनिवार को फतेहाबाद में मीडिया से रूबरू होते हुए उन्होंने ‘नशामुक्ति सेना’ के गठन का औपचारिक ऐलान किया।
भवानी सिंह ने कहा कि यह सेना देश के भीतर छिपे उन दुश्मनों से लड़ेगी, जो जहर बेचकर हमारी युवा पीढ़ी को मौत के मुंह में धकेल रहे हैं। भवानी सिंह ने कहा कि सेना का पहला लक्ष्य नशे के शिकार युवाओं का उपचार करवाकर उन्हें नया जीवन देना है, जबकि दूसरा लक्ष्य नशा बेचने वाले तस्करों और उनके रसूखदार संरक्षकों के खिलाफ मोर्चा खोलना है।
उन्होंने घोषणा की कि नशा बेचने वालों को समाज में चिन्हित करने के लिए उनकी तस्वीरें शहर के मुख्य चौक-चौराहों पर लगाई जाएंगी, ताकि लोग इन ‘गद्दारों’ को पहचान सकें। भवानी सिंह ने नशामुक्ति सेना की फतेहाबाद इकाई के पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। जिला प्रभारी राज राजेश्वरी देवी, जिलाध्यक्ष मोहन गढ़वाल (सरपंच, गांव अकांवाली), महिला जिला प्रधान संगीता प्रणामी जांगड़ा, उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी अशोक अलीका, शर्माचंद लाली, गुरचरण खोखर, जोगिन्द्र सिंह, रवि भाकर, मास्टर चन्द्रभान वधवा को सौंपी गई। महेन्द्र और नैब सिंह मंडेर को महामंत्री, कर्ण सिंह, सोनी सरपंच, राम सिंह पूनियां, धर्मपाल चावला, कृष्ण पारचा को सचिव बनाया गया। विकास कम्बोज, संजय वर्मा, सुखराज सिंह, कुलदीप हिजरावां को सहसचिव, हरीश बंसल को कोषाध्यक्ष बनाया गया।

