‘आधुनिक डेयरी तकनीक व पशु प्रबंधन सीखने का सशक्त मंच बना मेला’
एनडीआरआई के कृषि एक्सपो का दूसरा दिन : किसानों व महिला उद्यमियों का उमड़ा सैलाब
आईसीएआर-राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान (एनडीआरआई) में आयोजित त्रि-दिवसीय ‘राष्ट्रीय डेयरी मेला और कृषि एक्सपो’ के दूसरे दिन डेयरी नवाचार, ग्रामीण कौशल और उद्यमिता का अनूठा संगम देखने को मिला। मेले में हजारों किसानों, छात्रों और पशुपालकों ने आधुनिक डेयरी विज्ञान की बारीकियों को समझा।
संस्थान के निदेशक डॉ. धीर सिंह ने कहा कि यह मेला किसानों को उन्नत विज्ञान से जोड़कर उनकी आय दोगुनी करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हो रहा है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष विजेंद्र बड़गुर्जर ने डेयरी क्षेत्र में एनडीआरआई के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान के शोध और समर्पित प्रयास सीधे तौर पर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यहाँ से सीखकर जाने वाले किसान अपनी डेयरी इकाइयों को नए आयाम देंगे। मेले के दौरान आयोजित दूध उत्पादन प्रतियोगिताओं में पशुपालकों के कुशल प्रबंधन का परीक्षण किया गया, वहीं पशु सौंदर्य प्रतियोगिताओं में विभिन्न नस्लों के स्वास्थ्य और शारीरिक संरचना का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा। पनीर बनाने की प्रतियोगिता में ग्रामीण महिलाओं ने पारंपरिक और नवीन स्वादों का प्रदर्शन कर महिला उद्यमिता की मिसाल पेश की। स्कूली और कॉलेज के युवाओं के लिए आयोजित विशेष सत्रों में कृषि तकनीक, पोषण और डेयरी क्षेत्र में करियर के अवसरों की जानकारी दी गई।

