शहर में सेक्टर-25 स्थित कृष्णा गार्डन गली नंबर 3 में रविवार रात को युवक की हत्या का मामला सामने आया है। सोमवार सुबह बिल्डिंग के लोगों ने खून से लथपथ शव देखा। लोगों ने बताया कि रात को बिल्डिंग में जन्मदिन की पार्टी चल रही थी, इसलिए डीजे की आवाज में किसी ने उसकी चीख नहीं सुनीं। पुलिस को मौके से गैस का एक छोटा सिलेंडर व ईंट मिली है। शक है कि सिलेंडर सिर में मारकर युवक की हत्या की गई है।
मृतक की पहचान उत्तर-प्रदेश के देवरिया निवासी 32 वर्षीय अनीश के रूप में हुई है। वह सेक्टर-25 स्थित कृष्णा गार्डन की गली नंबर 3 में किराए के कमरे में रहता था और यहां सेक्टर 29 स्थित एक फैक्टरी में काम करता था। रविवार रात को यहां ऊपर कमरे में रह रहे एक परिवार में बच्चे का जन्मदिन था, जिसकी पार्टी चल रही थी। अनीश देर शाम को अपने कमरे पर यहां आया था और सोमवार सुबह उसका शव मिला है। वहीं चांदनी बाग थाना प्रभारी इंस्पेक्टर महिपाल ने बताया कि पहली नजर में यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। मृतक की पहचान हो चुकी है और उसके परिवार वालों को सूचना दे दी गई है। अभी हत्या आरोपी व हत्या के कारणों का पता नहीं लग पाया है। पुलिस टीम मामले की गहनता से जांच कर
रही है।

