युवाओं के सपनों को साकार कर रहा तेलु राम मेमोरियल ट्रस्ट पुस्तकालय
तेलु राम मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा सैनी धर्मशाला नारायणगढ़ में स्थापित पुस्तकालय क्षेत्र के युवाओं के उज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला सिद्ध हो रहा है। पुस्तकालय की स्थापना का उद्देश्य ऐसे युवाओं को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है जो सीमित...
तेलु राम मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा सैनी धर्मशाला नारायणगढ़ में स्थापित पुस्तकालय क्षेत्र के युवाओं के उज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला सिद्ध हो रहा है। पुस्तकालय की स्थापना का उद्देश्य ऐसे युवाओं को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर अपने जीवन को नई दिशा देना चाहते हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में इस पुस्तकालय का विधिवत उद्घाटन गत 14 नवंबर, 2025 को हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष सुमन सैनी द्वारा किया गया था।
उन्होंने पुस्तकालय को समाज के लिए एक बहुमूल्य धरोहर बताया था। पुस्तकालय के इंचार्ज प्राध्यापक बलजीत सैनी ने बताया कि यह पुस्तकालय पूर्णत: नि:शुल्क है और किसी भी वर्ग का युवा यहां आकर अध्ययन कर सकता है। पुस्तकालय प्रतिदिन सुबह 9 बजे खुलता है और युवाओं की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए शाम तक संचालित रहता है।
उन्होंने बताया कि यहां प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकों, समाचार पत्रों और अन्य अध्ययन सामग्री की पर्याप्त व्यवस्था है। शीघ्र ही कंप्यूटर और इंटरनेट की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जायेगी। पुस्तकालय में आने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को आगमन और प्रस्थान का समय एंट्री रजिस्टर में दर्ज करना अनिवार्य है ताकि अनुशासन बना रहे।

