सब इंस्पेक्टर मेनका केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक से सम्मानित
उप निरीक्षक मेनका को केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक–2025 पुरस्कार प्रदान किए जाने की पुष्टि होने पर एसपी कमलदीप गोयल ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। यह सम्मान उप निरीक्षक मेनका द्वारा गंभीर व संवेदनशील अपराध के मामले में की...
उप निरीक्षक मेनका को केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक–2025 पुरस्कार प्रदान किए जाने की पुष्टि होने पर एसपी कमलदीप गोयल ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। यह सम्मान उप निरीक्षक मेनका द्वारा गंभीर व संवेदनशील अपराध के मामले में की गई उत्कृष्ट, वैज्ञानिक एवं प्रभावी अनुसंधान तथा न्यायालय में सशक्त पैरवी के लिए दिया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 20 सितंबर 2024 को थाना छछरौली में 6 वर्षीय बच्ची के साथ बलात्कार एवं हत्या के संबंध में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इस जघन्य अपराध की अनुसंधान महिला उप निरीक्षक मेनका को सौंपी गई, जिन्होंने पूरी निष्ठा, लगन और पेशेवर दक्षता के साथ मामले की जांच की। अनुसंधान के दौरान उप निरीक्षक मेनका द्वारा सभी आवश्यक साक्ष्यों को वैज्ञानिक तरीके से एकत्र किया गया। न्यायालय ने 13 मई 2025 को दोषी राजेश कुमार उर्फ निर्मल गांव दसौरा, थाना छछरौली को दोषी करार देते हुए फांसी की सजा सुनाई। इस सफलता के उपरांत एसपी कार्यालय की ओर से मेनका के नाम की केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक–2025 के लिए सिफारिश की गई थी। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने उप निरीक्षक मेनका को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि उनका कार्य न केवल जिला पुलिस बल्कि संपूर्ण पुलिस बल के लिए प्रेरणास्रोत है।

