राज्यसभा चुनाव में हुई क्रॉस वोटिंग व मंडियों में गेहूं खरीद की बदहाली को लेकर हरियाणा की सियासत पूरी तरह गरमा गई है। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बुधवार को घरौंडा दौरे के दौरान भाजपा सरकार पर तीखे हमले बोले। उन्होंने जहां एक ओर बागी विधायकों पर कड़े एक्शन के संकेत दिए, वहीं दूसरी ओर मंडियों में किसानों की अनदेखी को लेकर सरकार को आड़े हाथों लिया। राव नरेंद्र सिंह ने राज्यसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने प्रलोभन और बाहुबल के दम पर पांच विधायकों से क्रॉस वोटिंग करवाई। उन्होंने खुलासा किया कि अनुशासन समिति की जांच रिपोर्ट पार्टी प्रभारी बीके हरिप्रसाद को भेज दी गई है।प्रदेशाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि जिन विधायकों को जनता ने कांग्रेस के नाम पर जिताया, उन्होंने पार्टी के साथ गद्दारी की है और उनके लिए संगठन में अब कोई जगह नहीं है। जल्द ही उनके खिलाफ आधिकारिक कार्रवाई सार्वजनिक की जाएगी। राव नरेंद्र ने कहा कि भाजपा ने निर्दलीय उम्मीदवारों के जरिए हॉर्स ट्रेडिंग को बढ़ावा दिया और लोकतांत्रिक मूल्यों का गला घोंटने की कोशिश की। घरौंडा की नई अनाज मंडी में किसानों, आढ़तियों और मजदूरों से संवाद करते हुए राव नरेंद्र सिंह ने गेहूं की ढेरियों का निरीक्षण किया। कांग्रेस नेता रघबीर संधू ने कहा कि किसान इस समय मौसम की मार और सरकार की बेरुखी के बीच पिस रहा है। नमी का बहाना बनाकर गेहूं की खरीद रोकी जा रही है, जिससे किसान बर्बादी की कगार पर है। इस अवसर पर युवा कांग्रेस नेता भूपेंद्र लाठर (भूपी), दिव्यांशु बुद्धिराजा, नैनपाल राणा, रोहताश पहलवान, बाबा अमीर सिंह, जगपाल सिंह, राम निवास अराईपुरा और प्रदीप मुबारकबाद मौजूद रहे।मनोहर लाल के बयान पर पलटवारकेंद्रीय मंत्री मनोहर लाल द्वारा विपक्ष पर राजनीति करने के आरोपों का जवाब देते हुए राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि यह समय राजनीति का नहीं बल्कि जनता की आवाज उठाने का है। भाजपा पारदर्शिता का ढोंग कर रही है, जबकि हकीकत में किसान एक हफ्ते से मंडी में अपनी फसल के साथ खड़ा है और कोई उसकी सुध लेने वाला नहीं है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने पानीपत मंडी में सुनीं आढ़तियों की समस्याएंपानीपत (हप्र) : कांग्रेस के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बुधवार को पानीपत अनाज मंडी का दौरा किया। उन्होंने फसल खरीद और उठान की जमीनी हकीकत जानने के लिए किसानों और आढ़तियों से सीधा संवाद किया। मंडी में फैली अव्यवस्था और खरीद के नए नियमों को लेकर किसानों में भारी रोष देखने को मिला, जिसे उन्होंने प्रदेशाध्यक्ष के समक्ष प्रमुखता से रखा। संवाद के दौरान किसानों और आढ़तियों ने खरीद प्रक्रिया में आ रही तकनीकी और प्रशासनिक बाधाओं का ब्यौरा दिया। उन्हाेंने कहा कि गेट पास के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली का रजिस्ट्रेशन नंबर अनिवार्य करना और बायोमीट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया ने किसानों के लिए अनावश्यक जटिलताएं पैदा कर दी हैं। किसानों ने आरोप लगाया कि गेहूं में नमी के नाम पर उन्हें परेशान किया जा रहा है और खरीद में देरी की जा रही है। आढ़तियों ने बताया कि मंडी से गेहूं का उठान समय पर नहीं हो रहा है, जिससे नई फसल रखने की जगह नहीं बची है और जोखिम बढ़ गया है।राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों की फसल खरीद को लेकर ऐसे नियम बना दिए हैं जिनसे किसान का हित नहीं, बल्कि शोषण हो रहा है। इन नियमों को देखकर लगता है कि सरकार की गेहूं खरीद को लेकर मंशा साफ नहीं है। कांग्रेस पार्टी हमेशा किसानों और मजदूरों के साथ खड़ी रही है और हम इन मुद्दों को लेकर मंडी से लेकर सड़क तक आंदोलन करेंगे। राव नरेंद्र सिंह के साथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) रमेश मलिक, पूर्व मंत्री बिजेंद्र कादियान, वरिष्ठ नेता सचिन कुंडू, दिव्यांशु बुद्धिराजा और वीरेंद्र बुल्ले शाह प्रमुख थे। इस दौरान शहरी अध्यक्ष सरदार बलजीत सिंह, धर्मबीर मलिक, मंडी प्रधान दिनेश भोक्कर, मंडी सचिव संजू देसवाल, खुशीराम जागलान, संजय छोक्कर, दीपक खटकड़ व बलवान वाल्मीकि मौजूद रहे।