अवैध कॉलोनियों, अवैध खनन पर रोक प्राथमिकता
हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो के करनाल और रोहतक रेंज के आईओ की समीक्षा बैठक शनिवार को हरियाणा पुलिस अकादमी परिसर में हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजपी) नवदीप सिंह विर्क ने कहा कि अवैध खनन, अवैध...
हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो के करनाल और रोहतक रेंज के आईओ की समीक्षा बैठक शनिवार को हरियाणा पुलिस अकादमी परिसर में हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजपी) नवदीप सिंह विर्क ने कहा कि अवैध खनन, अवैध शराब की बिक्री की रोकथाम हमारी प्राथमिकता है। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कम से कम समय में अनुसंधान कार्यों को निपटान करना होगा।
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि समय-समय पर संबंधित विभागों टाऊन एंड कंट्री प्लानिंग, बिजली विभाग, सिंचाई विभाग, खनिज विभाग, आबकारी विभाग और परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ नियमित बैठक कर समस्याओं का निदान करना होगा। उन्होंने कहा कि अभियान चलाकर बिजली चोरी रोकनी हमारी प्राथमिकता में होनी चाहिए। तभी हम उन उपभोक्ताओं के प्रति न्याय कर पायेंगे जो उपभोक्ता बिजली खरीद कर प्रयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खनीज विभाग के अधिकारियों के साथ हमें समय-समय पर रेत स्टाक की चेकिंग करनी होगी। सभी को सख्त हदायत देते हुए एडीजीपी ने कहा कि सभी कर्मचारियों को कर्तब्यपरायणता, ईमानदारी और पारदर्शिता को अपनी कार्य संस्कृति में अनिवार्य करना होगा। एडीजी विर्क ने कहा कि हमने अभी सभी ब्यूरों के सभी पुलिसकर्मियों के लिए मानसिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया था जिसके फीड बैक को आधार में रखकर हम पुलिसकर्मियों के कल्याण के लिए विविध योजनाएं बना रहे हैं जिसमें नियमित हेल्थ चेकअप, जिन पुलिसकर्मियों के माता-पिता एवं पारिवारिक सदस्यों की देखभाल की आवश्यकता होगी उन्हें गृह जनपद के नजदीकी जिलों में नियुक्ति दी जायेगी। उन्होंने कहा कि बेहतर कार्यक्षमता के प्रदर्शन को आधार बनाते हुए अच्छा कार्य करने वाले आई ओ और थाना प्रबंधकों को और अधिक जिम्मेदारी दी जायेगी। उन्होंने कहा कि जिनका कार्य बेहतर एवं पारदर्शी नहीं होगा उनकी कार्य समीक्षा करके ब्यूरों से संबंधित जिलों में वापस कर दिया जायेगा।

