बजट में हरियाणा के साथ सौतेला व्यवहार : मेवा सिंह
कांग्रेस के जिला अध्यक्ष व लाडवा के पूर्व विधायक चौधरी मेवा सिंह ने केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट देश की जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। बजट में न तो कोई नई सोच दिखाई...
कांग्रेस के जिला अध्यक्ष व लाडवा के पूर्व विधायक चौधरी मेवा सिंह ने केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट देश की जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। बजट में न तो कोई नई सोच दिखाई देती है और न ही आम लोगों की समस्याओं का कोई ठोस समाधान प्रस्तुत किया गया है। सरकार ने पुराने प्रावधानों को नए शब्दों में प्रस्तुत कर केवल आंकड़ों की बाजीगरी की है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष मेवा सिंह बाबैन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
मेवा सिंह ने कहा कि यह बजट महज़ जुमलेबाज़ी का दस्तावेज़ बनकर रह गया है। बेरोजग़ारी, महंगाई, किसानों की आय, मध्यम वर्ग को राहत, युवाओं के रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा और गरीब वर्ग के जीवन स्तर में सुधार जैसे बुनियादी मुद्दों पर सरकार कोई ठोस घोषणा करने में असफल रही है। बजट ने समाज के हर वर्ग, किसान, कर्मचारी, व्यापारी, युवा, महिला, मध्यम वर्ग और गरीब वर्ग सभी को निराश किया है। विशेष रूप से मध्यम वर्ग और गरीब वर्ग के हाथ इस बजट में लगभग खाली ही रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से हरियाणा की अनदेखी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस बजट में हरियाणा के लिए कोई बड़ा प्रोजेक्ट, विशेष पैकेज या विकास योजना घोषित नहीं की गई, जो राज्य के साथ सीधा भेदभाव दर्शाता है। औद्योगिक, कृषि और शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी राज्य होने के बावजूद हरियाणा को इस बजट में कोई विशेष प्राथमिकता नहीं दी गई।

