सरकार की नीतियों से पिछड़ रहे प्रदेश के उद्योग : बजरंग गर्ग
हरियाणा प्रदेश के व्यापारी प्रतिनिधियों की बैठक में व्यापार व उद्योगों के विकास पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष और हरियाणा कान्फैड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग ने की। इस अवसर पर उन्होंने केंद्र...
हरियाणा प्रदेश के व्यापारी प्रतिनिधियों की बैठक में व्यापार व उद्योगों के विकास पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष और हरियाणा कान्फैड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग ने की। इस अवसर पर उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों पर आलोचना की और कहा कि इन नीतियों के कारण व्यापार व उद्योग लगातार पिछड़ रहे हैं।
गर्ग ने उदाहरण दिया कि यमुनानगर, पानीपत और बहादुरगढ़ जैसे शहरों में प्लाईवुड, टेक्सटाइल और फुटवियर उद्योगों का महत्वपूर्ण स्थान है, जो लाखों लोगों को रोजगार प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से बिजली बिलों में 50 प्रतिशत सब्सिडी देने और फिक्स चार्ज को समाप्त करने की मांग की, ताकि उद्योगों को राहत मिल सके।
गांव स्तर पर छोटे व मध्यम उद्योगों मिले विशेष पैकेज : रमन त्यागी
प्रमुख व्यापारी नेता रमन त्यागी ने कहा कि सरकार को गांव स्तर पर छोटे और मंझोले उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए विशेष पैकेज देना चाहिए। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और बेरोजगारी की समस्या में कमी आएगी। गांव स्तर पर उद्योगों के माध्यम से माता, बहनों व युवाओं को रोजगार मिल सकेगा। ताकि वे पहले की तरह छोटा-मोटा उद्योग-इकाई लगाकर बेरोजगारी खत्म करने में अपना योगदान दे सकें।
इस अवसर पर व्यापार मंडल प्रदेश उप प्रधान केवल कृष्ण खरबंदा, प्रदेश महासचिव कैलाश गोयल लाडवा, जिला प्रधान अनिल भाटिया, प्रदेश सचिव मुकेश गोयल, सुरेश आनंद, प्रदेश सह सचिव हरविंदर सिंह भाटिया, प्रदेश युवा प्रभारी राहुल गर्ग, कमल विनायक, कुलदीप सिंह, युवा प्रधान महेंद्र पाल गर्ग बिलासपुर आदि प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे।

