धान घोटाले की सीबीआई जांच को लेकर भाकियू चढ़ूनी ने किया प्रदर्शन
पैदल रोष मार्च करते लघु सचिवालय पहुंचे किसान, सीएम के नाम ज्ञापन सौंपा
हरियाणा में धान खरीद में 5 हजार करोड़ से अधिक के घोटाले की सीबीआई से निष्पक्ष जांच करवाने, आम जनता व किसानों से जुड़े ज्वंलत मुद्दों के समाधान के लिए भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी की अध्यक्षता में शनिवार को लघु सचिवालय तक रोष मार्च निकाला गया। पहले किसान जाट धर्मशाला में एकत्रित हुए जहां यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने किसानों को संबोधित किया और वहां से किसान एक जुलूस की शकल में लघु सचिवालय तक पहुंचे। जिला प्रशासन को आम जनता व किसानों से जुड़े ज्वंलत मुद्दों के समाधान के लिए मुख्यमंत्री के नाम 5 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इसके अलावा धान घोटाले की निष्पक्ष सीबीआई जांच को लेकर 14 सूत्रीय मांग पत्र मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को सौंपा।
ज्ञापन में गुरनाम सिंह ने कहा कि धान खरीद में मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल व राज्य की खरीद एजेंसियों, मंडी प्रशासन, कृषि व किसान कल्याण विभाग द्वारा किए गए कार्यों में गंभीर अनियमितताएं, संदिग्ध सत्यापन फर्जी रकबा वर्दी व अवैध खरीद के गंभीर मामले सामने आए हैं, जिनमें राज्य सरकार एवं केन्द्र सरकार को हजारों करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ है। उन्होंने मांग पत्र में घोटाले की सीबीआई से निष्पक्ष जांच तत्काल करवाए जाने, घोटाले से संबंधित सभी रिकाॅर्ड जब्त करके संरक्षित करने के लिए तत्काल निर्देश दिए जाने, खरीदी एवं सत्यापन में शामिल अधिकारियों एवं अथवा कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज किए जाने की मांग की। ज्ञापन में सरकार से अनुरोध किया गया कि बीज बिल पर किसान हित में पुर्नविचार किया जाए। सभी जनहित एवं किसान हित से जुड़े मुद्दों से शीघ्र सकारात्मक कारवाई की जाएद्ध

