मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म : पवन सैनी
आर्य समाज मंदिर में पूर्व विधायक ने 39वीं बार किया रक्तदान
आर्य समाज मंदिर में रविवार को समाजसेवी स्व. राम निरंजन एवं स्व. मगनमूर्ति की स्मृति में हवन और रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुई, जिसमें दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की गई और जनसमूह ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रहे समाजसेवी राम निरंजन को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वे समाज सेवा, सादगी और जनहित के कार्यों के लिए हमेशा क्षेत्र के लोगों के दिलों में जीवित रहेंगे। उनकी स्मृति में आयोजित यह शिविर नई पीढ़ी के लिए सेवा और संस्कारों की एक अनुपम मिसाल है। कार्यक्रम में विशेष रूप से पहुंचे पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी ने स्वयं 39वीं बार रक्तदान कर युवाओं को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हवन यज्ञ जहां हमें आध्यात्मिक ऊर्जा और संस्कार प्रदान करता है, वहीं रक्तदान मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। इस अवसर पर आर्य समाज नारायणगढ़ के पदाधिकारी चंद्र पाल शास्त्री, जिला परिषद के पूर्व चेयरमैन सुरेंद्र राणा, मार्केट कमेटी अध्यक्ष नरेंद्र राणा, राकेश बिंदल, मंगू राम कंजाला मौजूद रहे।
155 यूनिट रक्त जुटाया
शिविर के आयोजक जितेंद्र गर्ग ने बताया कि शिविर में कुल 155 लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। रक्त संग्रह का कार्य पीजीआई चंडीगढ़ की विशेषज्ञ टीम द्वारा संपन्न किया गया।

