संजय चौक से बाबैल नाके तक 16 फुट चौड़ी होगी सनौली सड़क, जाम से मिलेगी मुक्ति
विधायक प्रमोद और मेयर कोमल ने किया शिलान्यास
पानीपत में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधायक प्रमोद विज और नगर निगम मेयर कोमल सैनी ने सनौली रोड के चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया। संजय चौक से बाबैल नाके तक करीब 2.5 किलोमीटर लंबी इस सड़क को 16 फुट तक चौड़ा किया जाएगा, जिस पर लगभग 2.12 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
शिलान्यास के दौरान विधायक विज ने कहा कि क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क के दोनों ओर चौड़ीकरण होने से ट्रैफिक जाम की समस्या न के बराबर रह जाएगी। इससे न केवल स्थानीय निवासियों को सुविधा होगी, बल्कि हरिद्वार आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और युद्ध स्मारक (काला आंब) की ओर जाने वाले पर्यटकों के आवागमन में भी काफी समय की बचत होगी। विधायक विज ने कहा कि जीटी रोड के चौड़ीकरण का कार्य भी इसी शृंखला का हिस्सा है, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था एक नए स्तर पर पहुंचेगी। कार्यक्रम में हिमांशु कटारिया, चेतन तनेजा, पार्षद कमल अरोड़ा, अमित नारंग, नवल जिंदल, अंजना प्रीतम गुर्जर, रॉकी गहलोत, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अमित पंडित व दर्शन लाल वधवा मौजूद रहे।

