दलगत राजनीति से ऊपर उठकर गांवों के सामूहिक विकास में करें सहयोग : बेदी
गांव दबलैन के वाल्मीकि मंदिर में लंगर हाल का मंत्री ने किया भूमि पूजन
कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने ग्रामीणों और पंचायत सदस्यों से आह्वान किया कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सरकारी परियोजनाओं के निर्माण एवं गांव के सामूहिक विकास में सहयोग करें। रविवार को नरवाना विधानसभा क्षेत्र के गांव दबलैन में महर्षि वाल्मीकि मंदिर में लंगर हाल के भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही। मंत्री बेदी ने कहा कि क्षेत्रवासियों ने जो भरोसा जताया है, उस पर वह खरा उतरेंगे और सच्चे जनप्रतिनिधि के रूप में जनसेवा एवं इलाके के विकास का उत्तरदायित्व बखूबी निभाएंगे।
उन्होंने बताया कि गांव दबलैन में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 2 करोड़ रुपये से ज्यादा की धनराशि पंचायत को आवंटित की जा चुकी है। इनमें स्कूल भवन निर्माण के लिये 86 लाख रुपये, फिरनी निर्माण के लिये करीब 35 लाख रुपये, गली निर्माण के लिये 18 लाख रुपये व शमशान घाट के 3 शेड का निर्माण होगा। इसके अलावा, मंत्री ने महर्षि वाल्मीकि मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा की। मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार गरीब कल्याण एवं उत्थान के विजन को लेकर काम कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली तथा सड़क जैसी मूलभूत आवश्यकताओं को शहर, गांव और ढाणियों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संत महात्माओं के संस्कार, विचार और आदर्श युगों-युगों तक प्रासंगिक रहेंगे। इस अवसर पर जिला भाजपा उपाध्यक्ष प्रमोद शर्मा व मार्केट कमेटी चेयरमैन अमित ढाकल मौजूद रहे।

