चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता : आदर्श पाल
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद के सदस्य आदर्श पाल सिंह ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए। मंगलवार को जगाधरी में उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था में देश की जनता...
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद के सदस्य आदर्श पाल सिंह ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए। मंगलवार को जगाधरी में उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था में देश की जनता का विश्वास लोकतंत्र की बुनियाद है। संस्था की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर सवाल उठना गंभीर चिंता का विषय है।
आदर्श पाल सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों को कमजोर करने के प्रयास हो रहे हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में लिए गए कई फैसलों को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि चुनाव आयोग की कार्यशैली पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी तथा राजनीतिक प्रभाव से मुक्त होनी चाहिए।
उन्होंने एसआईआर और मतदाता सूचियों को लेकर उठ रहे सवालों की निष्पक्ष जांच कराने तथा आवश्यक तथ्यों को जनता के सामने सार्वजनिक करने की मांग की। आदर्श पाल ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को कथित तौर पर वोट चोरी के जरिए हराने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा करना चुनाव आयोग का संवैधानिक दायित्व है।

