विधानसभा में करें पैरेलल लाइसेंस सिस्टम और कृषि वितरण निगम का विरोध
संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने विधायकों को लिखा पत्र
हरियाणा बिजली कर्मचारी और इंजीनियर संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने सरकार पर कर्मचारियों से किए वादों से पीछे हटने का आरोप लगाते हुए आंदोलन तेज करने की घोषणा की है। मोर्चे ने विधानसभा के चल रहे मानसून सत्र में सभी विधायकों से ‘पैरेलल लाइसेंस सिस्टम’ और ‘एग्रीकल्चरल डिस्ट्रीब्यूशन कॉरपोरेशन’ के गठन का विरोध करने की अपील की है।
ज्वाइंट फ्रंट के चेयरमैन देवेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि एचईआरसी गुरुग्राम और नूंह में बिजली वितरण का काम निजी कंपनियों को सौंपने के लिए समानांतर लाइसेंस की प्रक्रिया आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि 10 अगस्त को बिजली मंत्री के साथ बातचीत और लिखित आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित किया गया था, लेकिन अब सरकार और एचईआरसी अपने वादे से पीछे हट गए हैं।
रवींद्र घांघस ने बताया कि सभी विधायकों को पत्र भेजकर इस मुद्दे को विधानसभा में उठाने की मांग की जाएगी। वीके गुप्ता ने कहा कि यह मामला केवल दो जिलों तक सीमित नहीं, बल्कि प्रदेश के लाखों ग्रामीण, किसान और उपभोक्ताओं के हितों से जुड़ा है।
मोर्चा 31 अगस्त को प्रदेशभर के सब-डिविजन कार्यालयों पर संबंधित दस्तावेजों की प्रतियां जलाकर प्रदर्शन करेगा। 3 सितंबर को कर्मचारी और उपभोक्ता एचईआरसी के समक्ष अपना पक्ष रखेंगे। नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और हड़ताल का रास्ता अपनाया जाएगा।

