प्रधानमंत्री मोदी ने देश को विकास का नया मॉडल दिया : रेखा शर्मा
पूरे प्रदेश में 17 से चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
भाजपा जिला कार्यालय ‘श्याम कमल’ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों एवं सफल क्रियान्वयन को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला भाजपा अध्यक्ष दुष्यन्त भट्ट ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने शिरकत की।
सांसद रेखा शर्मा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन (सेवा एवं समर्पण) के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी और प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में इस अभियान के माध्यम से कार्यकर्ता सीधे लाभार्थियों और आमजन तक पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्र निर्माण में अपने 25 वर्षों के कार्यकाल के दौरान देश को विकास का नया मॉडल दिया है और कुशल वित्त प्रबंधन से भारत को विश्व की चौथी बड़ी आर्थिक अर्थव्यवस्था बनाया है। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में दर्ज की गई 7.8 प्रतिशत की वास्तविक वृद्धि दर यह संकेत देती है कि देश का भविष्य कुशल हाथों में है।
जिला प्रभारी ललित बत्रा ने कहा कि भाजपा के 18 करोड़ से अधिक कार्यकर्ता इस अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। नगर निगम महापौर कोमल सैनी ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को हासिल करने में पानीपत का भी महत्वपूर्ण योगदान रहेगा। जिला अध्यक्ष दुष्यन्त भट्ट ने अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी। अभियान के तहत 17 सितंबर को कार्यकर्ता परिवारों के साथ दीप प्रज्वलित करेंगे और जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करेंगे। इसके अलावा स्कूलों में ड्राइंग व भाषण प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं व आशा वर्कर्स का सम्मान, रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जांच शिविर और युवाओं के लिए इनोवेशन चैलेंज आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर ललित बत्रा, उर्वशी गोयल, कोमल सैनी, अवनीत कौर, नेहा शर्मा, उषा सैनी, धर्मपाल जागलान, राजेन्द्र रावल, संजय त्यागी व अमित पंडित उपस्थित रहे।

