जगाधरी में गणपति उत्सव की तैयारियां तेज, बप्पा की मूर्तियां तराश रहे कारीगर
राजस्थान से आए मूर्तिकार तैयार कर रहे 1 से 9 फुट तक की प्रतिमाएं
क्षेत्र में इस महीने 14 से 25 सितंबर तक गणेश उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। 14 सितंबर को गणेश जी की स्थापना और 25 सितंबर को विधिवत रूप से विसर्जन किया जाएगा। उत्सव को लेकर इन दिनों हूडा सेक्टर-17 के नजदीक राजस्थान के पाली जिले से आए मूर्तिकार विभिन्न डिजाइनों में बप्पा की प्रतिमाएं पूरी श्रद्धा और शिद्दत से तराशने में जुटे हुए हैं।
मूर्तिकार मुकेश कुमार, लूंबाराम, जेठा सिंह और सरवन ने बताया कि वे 1 फीट से लेकर 9 फुट तक ऊंची मूर्तियां तैयार कर रहे हैं। उनके पास पीओपी और मिट्टी दोनों प्रकार की मूर्तियां उपलब्ध हैं। मिट्टी की मूर्तियां अधिक ऊंची नहीं हैं और पीओपी की तुलना में इनकी कीमत अधिक है। मूर्तियों के दाम 200 रुपये से लेकर 17,000 रुपये तक रखे गए हैं। इस बार ‘पगड़ी वाले बप्पा’ की विशेष मांग बनी हुई है। मूर्तिकारों ने बताया कि अग्रिम बुकिंग शुरू हो चुकी है और 12 सितंबर से श्रद्धालु मूर्तियां ले जानी शुरू कर देंगे। यहां से पांवटा साहिब, नाहन, काला अम्ब, सहारनपुर, अम्बाला, करनाल और कुरुक्षेत्र आदि क्षेत्रों के श्रद्धालु बप्पा की मूर्तियां खरीदने पहुंचते हैं। कारीगरों को इस बार काम अच्छा रहने की पूरी उम्मीद है।

