एसपी भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में सीआईए वन व सीआईए टू की संयुक्त टीम इनेलो जिला अध्यक्ष कुलदीप राठी के भाई जयदीप राठी के हत्यारोपी जसंवत उर्फ जस्सी से पुलिस रिमांड में गहनता से पूछताछ कर रही है। आरोपी जसवंत को पुलिस ने सोमवार को न्यायालय में पेश करके 8 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। रिमांड में आरोपी ने बताया कि उन्होंने जयदीप की हत्या के बाद शव को डिस्पोज ऑफ कर दिया और कुरूक्षेत्र के इस्माइलाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत नरवाना ब्रांच नहर में डाल दिया था। सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार व सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर सुमित सरोहा की संयुक्त टीम मंगलवार को आरोपी जसंवत उर्फ जस्सी को नरवाना ब्रांच नहर पर लेकर पहुंची और एफएसएल की टीम भी साथ में मौजूद रही। पुलिस टीम ने साक्ष्य एकत्रित करने के लिए नहर में एनडीआरएफ का सहयोग लेकर सर्चिंग अभियान चलाया। रिमांड में आरोपी से पूछताछ करने के साथ ही साक्ष्य जुटाने के प्रयास भी किये जा रहे है। बता दें कि इनेलो जिला अध्यक्ष के भाई की आरोपियों ने हत्या कर दी थी और डेड बॉडी को डिस्पोज ऑफ करके नहर में डाल दिया था। वहीं दूसरी तरफ इनेलो जिला अध्यक्ष कुलदीप राठी के सेक्टर 18 स्थित आवास पर मंगलवार को दिनभर विभिन्न पार्टियों, संगठनों व गणमान्य लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर सांत्वना दी। हालांकि परिजनों की अभी भी यही मांग है कि जयदीप राठी का शव बरामद करके परिवार को सौंपा जाये ताकि विधि पूर्वक संस्कार किया जा सके।
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
×

