कड़ाके की ठंड, कोहरे में भी पसीना बहा रहे खिलाड़ी
बलराज गुप्ता सीनियर मेमोरियल टेनिस टूर्नामेंट 14 से
कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बावजूद शहर के टेनिस खिलाड़ी 9वीं बलराज गुप्ता सीनियर मेमोरियल टेनिस टूर्नामेंट की तैयारियों में जुटे हुए हैं। प्रतिदिन की तरह खिलाड़ी कोहरे से ढके टेनिस कोर्ट पर कड़ी मेहनत कर अपनी फिटनेस और खेल को निखार रहे हैं। यह टूर्नामेंट हर साल जगाधरी यमुनानगर टेनिस एसोसिएशन द्वारा आयोजित की जाती है और अपनी बेहतरीन मेजबानी तथा उच्च स्तरीय मुकाबलों के लिए पूरे देश में पहचान बना चुका है। इस बार प्रतियोगिता 14 और 15 फरवरी को तेजली स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के टेनिस कोर्ट पर होगी। यह आयोजन प्रधान सुमित गुप्ता के नेतृत्व में किया जा रहा है, जबकि दीपक सोंधी और जगमीत सिंह सह-अध्यक्ष की भूमिका निभा रहे हैं। टूर्नामेंट डायरेक्टर सुमित गुप्ता ने बताया कि शहर में टेनिस के प्रति युवाओं का रुझान तेजी से बढ़ रहा है। इस वर्ष प्रतियोगिता में महिलाओं की श्रेणी को भी शामिल किया गया है, जो खेल के बढ़ते दायरे को दर्शाता है। अनुमान है कि इस बार बाहर से 150 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे, जबकि 50 खिलाड़ी यमुनानगर का प्रतिनिधित्व करेंगे। गुजरात और मुंबई सहित देश के विभिन्न हिस्सों से खिलाड़ियों के आने की पुष्टि हो चुकी है।

