जनता का सरकार से मोहभंग, अब उल्टी गिनती शुरू : दुष्यंत
हांसी रैली के लिए पूर्व डिप्टी सीएम ने कार्यकर्ताओं को दिया न्योता
पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता का इस सरकार से पूरी तरह मोहभंग हो चुका है। हांसी में आयोजित होने वाली अजय चौटाला की जन्मदिन रैली के बाद सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो जाएगी। शनिवार को नरवाना के रेलवे स्टेशन के समीप पब्लिक धर्मशाला में उचाना और नरवाना के जजपा कार्यकर्ताओं की मीटिंग को संबोधित करते हुए दुष्यंत ने यह बात कही। दुष्यंत ने कहा कि इन्होंने जनता के लिए नए काम करवाने के बजाय हमारी सरकार के दौरान शुरू की गई विकास परियोजनाओं के नाम बदलने और जनहित की योजनाओं को बंद करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय चौटाला का जन्मदिन ऐतिहासिक होगा और यहां से राज्य में सत्ता परिवर्तन की नींव रखी जाएगी। उन्हाेंने 13 मार्च को हांसी में होने वाली रैली का न्याेता दिया।
मीटिंग में पूर्व लोकसभा प्रत्याशी रमेश खटक, प्रदेश संगठन सचिव राजेंद्र लितानी, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य बलवान दनोदा, जिला अध्यक्ष जोरा सिंह डूमरखां, उचाना हलका प्रधान वीरेंद्र कसून, नरवाना हलका प्रधान सुरेंद्र बेलरखा, हल्का नरवाना प्रभारी ईश्वर नैन, प्रदेश प्रवक्ता बिट्टू नैन व सीमा बद्दोवाल मौजूद रहे।

