सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन एक सराहनीय कदम : सुभाष सैनी
शिविर में 1022 लोगों ने लिया स्वास्थ्य लाभ
सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों का सफल संचालन किया जा रहा है। इसी कड़ी में शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत 21वां नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का गांव धुराला की गुर्जर धर्मशाला में आयोजन किया गया। स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण करने के लिए सुभाष सैनी चेयरमैन कोआपरेटिव बैंक, कुरुक्षेत्र भी पहुंचे। उन्होंने स्वास्थ्य की जांच भी कराई। उन्होंने सांसद नवीन जिन्दल के स्वस्थ कुरुक्षेत्र अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इन शिविरों में हजारों लोग स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। यह एक सराहनीय कदम है।
प्रात: 10 बजे से सायं 4 बजे तक चले इस स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की और विभिन्न नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का 1022 लोगों ने स्वास्थ्य लाभ उठाया। शिविर के दौरान नेत्र परीक्षण एवं उपचार, दंत परीक्षण एवं उपचार, स्त्री रोग जांच एवं परामर्श, स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग, सामान्य स्वास्थ्य जांच तथा एनीमिया जांच जैसी सेवाएं अनुभवी चिकित्सकों द्वारा उपलब्ध कराई गईं।
स्वास्थ्य जांच के उपरांत आवश्यकता अनुसार मरीजों को नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं। इसके साथ ही नेत्र परीक्षण के पश्चात जरूरतमंद 512 मरीजों को चश्मे भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर 130 मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई है, उनके नि:शुल्क ऑपरेशन की प्रक्रिया शीघ्र सुनिश्चित की जाएगी।

