स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन एक सराहनीय कदम : सुभाष
जिन्दल फाउंडेशन ने शाहाबाद में लगाया शिविर, 1022 लोगों ने उठाया लाभ
शाहाबाद विधानसभा के तहत गांव धुराला की गुर्जर धर्मशाला में सांसद नवीन जिन्दल फाउंडेशन की ओर से 21वां नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर का निरीक्षण करने कोआपरेटिव बैंक, कुरुक्षेत्र के चेयरमैन सुभाष सैनी पहुंचे। उन्होंने भी अपने स्वास्थ्य की जांच कराई।
उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। यह एक सराहनीय कदम है। इन शिविरों में हजारों लोग स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। सुबह 10 से शाम 4 बजे तक चले इस शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की और विभिन्न नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का 1022 लोगों ने स्वास्थ्य लाभ उठाया। शिविर के दौरान नेत्र परीक्षण एवं उपचार, दंत परीक्षण एवं उपचार, स्त्री रोग जांच एवं परामर्श, स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग, सामान्य स्वास्थ्य जांच तथा एनीमिया जांच जैसी सेवाएं अनुभवी चिकित्सकों द्वारा उपलब्ध कराई गईं और मरीजों को नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं। साथ ही नेत्र परीक्षण के पश्चात जरूरतमंद 512 मरीजों को चश्मे भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर 130 मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई है, उनके नि:शुल्क ऑपरेशन की प्रक्रिया शीघ्र सुनिश्चित की जाएग।
सांसद कार्यालय के प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल अपने स्वस्थ कुरुक्षेत्र अभियान के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रयासरत हैं। इसी सोच के अनुरूप नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों, मोबाइल मेडिकल वैन तथा अन्य जनकल्याणकारी पहलों के माध्यम से क्षेत्र में चिकित्सा सेवाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। शिविर के सफल आयोजन में गुरनाम सिंह सैनी, नरेश कतलाहरी, अजैब सिंह, सचिन औजला, राजेश, अशोक सरपंच तिगरी, तेलू राणा, नसीब सुढपुर, शिवकुमार राणा, सतपाल सरपंच धुराला, करणराज तुर चेयरमैन मार्केट कमेटी शाहाबाद, भूषण सरपंच अजराना, दलबीर सरपंच अजरानी, सोहन सरपंच झीवरहेड़ी का सहयोग रहा।
27

