Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

भ्रष्टाचार रोकने के लिए मंडियों में ऑनलाइन व्यवस्था जरूरी : जिंदल

सांसद ने किसानों से मांगे कृषि सुधार के सुझाव

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
कैथल कार्यालय में जनसमस्याएं सुनते सांसद नवीन जिंदल। -हप्र
Advertisement
कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि कृषि क्षेत्र को सुरक्षित और लाभदायक बनाने के लिए किसानों की सीधी भागीदारी अनिवार्य है। उन्होंने किसान संगठनों को आमंत्रित किया कि वे फसल उत्पादन से लेकर बिक्री तक आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों को दूर करने के लिए अपने सुझाव सीधे सरकार तक पहुंचाएं। सांसद नवीन जिंदल बृहस्पतिवार को पिहोवा स्थित सिंचाई विभाग के विश्रामगृह में जनसुनवाई के दौरान लोगों को संबोधित कर रहे थे। सांसद ने मंडियों में चल रही पोर्टल और ऑनलाइन व्यवस्था को लेकर भ्रष्टाचार रोकने के लिये जरूरी बताया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी का लक्ष्य है कि किसानों के हक का पैसा बिना किसी भ्रष्टाचार के सीधे उनके खातों में पहुंचे। नई नीतियां उन लोगों पर प्रहार हैं जो पहले किसानों के पैसे का गबन कर जाते थे। ऑनलाइन व्यवस्था से पारदर्शिता सुनिश्चित हो रही है। उन्होंने दोहराया कि सरकार गेहूं की फसल का एक-एक दाना एमएसपी पर खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है। बढ़ती बीमारियों और मृदा स्वास्थ्य पर चिंता जताते हुए सांसद ने किसानों से अपील की कि जहर युक्त खेती आज की बड़ी बीमारियों का मूल कारण है। प्राकृतिक खेती ही इसका एकमात्र विकल्प है। किसानों को चाहिए कि वे अपनी पूरी जमीन पर नहीं, तो कम से कम कुछ हिस्से पर ट्रायल के तौर पर प्राकृतिक खेती शुरू करें। इसके उत्पादों की बाजार में मांग और कीमत दोनों ही बेहतर हैं। कार्यक्रम में एसडीएम अनिल दून, भाजपा जिला अध्यक्ष तेजेंद्र सिंह गोल्डी, नगर पालिका चेयरमैन आशीष चक्रपाणि, मार्केट कमेटी चेयरमैन तरणदीप सिंह वडैच, राइस एसोसिएशन प्रधान सतीश सैनी व मंडी प्रधान नवीन गर्ग मौजूद रहे।

Advertisement

सांसद ने कैथल कार्यालय में सुनीं जनसमस्याएं

Advertisement

कैथल (हप्र) : कुरुक्षेत्र सांसद नवीन जिंदल ने बृहस्पतिवार को कैथल स्थित अपने कार्यालय में क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित व प्रभावी समाधान के लिए प्रशासनिक टीम को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए। सांसद जिंदल ने स्पष्ट किया कि जनसेवा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अपनी टीम को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों पर तुरंत संबंधित विभागों से संपर्क कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विकास कार्यों और शिकायतों के निपटारे की नियमित प्रोग्रेस रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि कोई भी मामला लंबे समय तक लंबित न रहे। सांसद ने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल समस्या सुनना नहीं, बल्कि उसका स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है। जिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी का लक्ष्य पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। वे स्वयं देर रात तक लोगों की समस्याएं सुनते हैं। समाधान शिविरों के माध्यम से आमजन की शिकायतों का समयबद्ध निदान हो रहा है और हरियाणा देश में नंबर वन बनने की ओर अग्रसर है।

यश ढुल के निधन पर जताया शोक

सांसद नवीन जिंदल ने संदीप ढुल के भतीजे यश ढुल के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सांसद ने बृहस्पतिवार को उनके निवास स्थान पर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। सांसद जिंदल ने ढुल परिवार के साथ अपने पुराने संबंधों को याद करते हुए कहा कि ढुल परिवार से हमारा रिश्ता बाऊजी स्व. ओम प्रकाश जिंदल के समय से ही बेहद आत्मीय और पुराना रहा है। मात्र 21 वर्ष की अल्पायु में यश का चले जाना परिवार और समाज के लिए एक ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि जब भी उनके किसी साथी या शुभचिंतक के परिवार पर कोई विपदा आती है, तो वे उसे अपनी व्यक्तिगत पीड़ा मानते हैं। गौरतलब है कि संदीप ढुल के भतीजे यश ढुल पिछले काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे। स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याओं के कारण 21 वर्ष की छोटी उम्र में ही उनका निधन हो गया।

Advertisement
×