भगत सिंह की जयंती पर किसान-मजदूर गरजे, धान खरीद की शर्त हटाने की मांग
जिला स्तरीय महापंचायत में दिल्ली हाईवे जाम करने की चेतावनी
भगत सिंह के जन्मदिवस को समर्पित ‘पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति हरियाणा’ के बैनर तले अनाज मंडी में जिला स्तरीय किसान-मजदूर महापंचायत का आयोजन किया गया। महापंचायत में किसानों और मजदूरों का भारी जमावड़ा देखने को मिला। पंचायत की अध्यक्षता जिला प्रधान ओमप्रकाश हसंगा व उपप्रधान गग्गी चहल ने की, जबकि मंच का संचालन जिला सचिव महेंद्र मोची एवं सुखचैन सिंह ने किया। इस दौरान ऑल इंडिया किसान मजदूर जत्थेबंदी और हरियाणा किसान मजदूर संघर्ष मोर्चे की पूरी शीर्ष लीडरशिप सहित प्रदेशभर के प्रमुख किसान नेता उपस्थित रहे।
पंचायत को संबोधित करते हुए किसान नेता कुलवंत सिंह संधू ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें ट्रेड डील के नाम पर देश को बड़े सरमायेदारों और कॉरपोरेट घरानों के हाथों में सौंपने की गहरी साजिश रच रही हैं। देश के किसानों और मजदूरों को एकजुट होकर इस कॉरपोरेट लूट का पुरजोर विरोध करना होगा। किसान नेता मनदीप नथवान ने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सरकार धान की खरीद पर 28 क्विंटल प्रति एकड़ जैसी अनाप-शनाप शर्तें थोप रही है, जिसे किसान कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने दो टूक चेतावनी दी कि यदि मंडियों में किसानों को धान बेचने में किसी भी प्रकार की परेशानी आई, तो किसान दिल्ली हाईवे बंद करने से पीछे नहीं हटेंगे।
महासभा में किसान नेत्री जसबीर कौर नत ने आंदोलन में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया, जबकि राज्य सचिव संदीप सिवाच और किसान महासभा के विनोद कुमार ने हरियाणा सरकार की नीतियों को दमनकारी करार दिया।

