विधायक मनमोहन भड़ाना के सख्त निर्देश के बाद बुधवार को प्रशासन हरकत में नजर आया। नेशनल हाईवे अथाॅरिटी ऑफ इंडिया (एनएचआईए), पीडब्ल्यूडी, पब्लिक हेल्थ, मार्केटिंग बोर्ड, नगर परिषद व एचएसआईआईडीसी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने समालखा नेशनल हाईवे व वर्षों से बदहाल सर्विस लेन का निरीक्षण किया। विधायक प्रतिनिधि शारीक ने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर अधिकारियों को सर्विस लेन के साथ-साथ हाईवे की जमीनी हकीकत दिखाई। अधिकारियों के निरीक्षण के बाद क्षेत्रवासियों को उम्मीद जगी है कि अब समालखा नेशनल हाईवे की सर्विस लेन की बदहाली की तस्वीर बदलेगी और शहर को लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से निजात मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान शारीक ने अफसरों को सर्विस लेन पर पड़ी गंदगी, जगह-जगह टूटे स्लैब, क्षतिग्रस्त सड़कें, जलभराव के कारण नालों में जमी गंदगी और लंबे समय से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की स्थिति दिखाई। निरीक्षण में सामने आया कि पिछले कई वर्षों से नेशनल हाईवे के दोनों ओर की सर्विस लेन बुरी तरह क्षतिग्रस्त है। कई स्थानों पर सड़क टूटी पड़ी है और बारिश के समय जलभराव से हालात और बदतर हो जाते हैं, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों और औद्योगिक क्षेत्र में आने-जाने वालों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। सर्विस लेन पर बंद पड़े वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम व बरसाती पानी की निकासी की समस्या का भी जायजा लिया गया। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि शारीक के साथ नगर परिषद के जेई गौरव कुमार, पब्लिक हेल्थ से एसडीओ मोहित शर्मा, मार्केट कमेटी सचिव सविता जैन, पीडब्ल्यूडी व एचएसआईआईडीसी से जेई सभी मौजूद रहे।
फुट ओवरब्रिज की मांग
जीटी रोड पर तारा एन्क्लेव कॉलोनी व इंडस्ट्रियल एरिया के सामने पैदल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विधायक प्रतिनिधि शारीक ने एनएचएआई अधिकारियों से फुट ओवरब्रिज निर्माण की मांग रखी। एनएचएआई अधिकारियों ने उच्चाधिकारियों से बातचीत कर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।

