प्रदेश में नॉन परफोर्मिंग सरकार : भूपेंद्र हुड्डा
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश की मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हरियाणा में नॉन परफॉर्मिंग सरकार काम कर रही है। विधायक रामकरण काला के निवास पर पत्रकारों से बातचीत में हुड्डा ने...
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश की मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हरियाणा में नॉन परफॉर्मिंग सरकार काम कर रही है। विधायक रामकरण काला के निवास पर पत्रकारों से बातचीत में हुड्डा ने कहा कि प्रदेश बेरोजगारी के मामले में देश में शीर्ष स्थान पर पहुंच चुका है और कानून-व्यवस्था की स्थिति ऐसी है कि आम व्यक्ति स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा, जबकि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की आमदनी घटती जा रही है। सरकार द्वारा 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) देने के दावे पर सवाल उठाते हुए हुड्डा ने कहा कि सरकार पहले उन सभी 24 फसलों के नाम सार्वजनिक करे, जिन पर एमएसपी देने की बात कही जा रही है।
इससे पूर्व कांग्रेस नेता कंवरपाल काला, सरपंच एसोसिएशन के प्रधान सुखदीप सिंह, नीरज वर्मा, रजत वर्मा शेखू सहित अन्य नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर हुड्डा ने विधायक रामकरण काला को दादा बनने पर शुभकामनाएं देते हुए शगुन भेंट किया।
कार्यक्रम में विधायक रामकरण काला ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा तथा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मेवा सिंह को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस मौके पर जिला संगठन मंत्री प्रवीण चौधरी, प्रदीप शर्मा, डॉ. प्रवीण शर्मा लक्की, जसबीर सैनी, रिंकू कठवा, रजत शर्मा शेखू सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
