कोई भी फाइल अनावश्यक रूप से लंबित न रहे : विज
श्रम मंत्री ने अंबाला छावनी आवास से किया विभागीय फाइलों का निपटान
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रशासन की गति फाइलों की गति से तय होती है। यदि फाइलें रुकती हैं, तो सरकार के काम भी रुक जाते हैं। इसलिए उन्होंने अपने विभागों में स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोई भी फाइल अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहे।
इस दिशा में उदाहरण स्वरूप, उनके कार्यालय के वरिष्ठ सचिव विजय शर्मा अंबाला छावनी स्थित मंत्री के आवास पर विभागीय फाइलों के निस्तारण हेतु पहुंचे। इस दौरान विज ने कहा कि मेरे दफ्तर की फाइल किसी भी हालत में पेंडिंग नहीं रह सकती। उन्होंने अपने आवास से ही विभागीय फाइलों का निपटान किया और अधिकारियों को समयबद्ध निर्णय लेने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही तभी सुनिश्चित होती है जब निर्णय प्रक्रिया तेज, स्पष्ट और परिणामोन्मुखी हो। उन्होंने अधिकारियों को सभी प्रस्ताव, योजनाएं और वित्तीय स्वीकृतियां शीघ्र निपटाने का निर्देश दिया, ताकि विकास कार्यों में बाधा न आए।
विज ने बताया कि तकनीक का उपयोग करके फाइल निस्तारण प्रक्रिया और प्रभावी बनाई जा रही है। ई-ऑफिस और डिजिटल ट्रैकिंग से फाइलों की स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने दोहराया कि जनता से जुड़े विभागों में समयबद्ध निर्णय और स्पष्ट निर्देश सर्वोपरि हैं।

