ज्ञान-संस्कार मंच से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की नयी पहल
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में किया गठन
जिले के सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के भाषा ज्ञान, सामान्य ज्ञान और नैतिक मूल्यों को मजबूत बनाने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की गई है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में ज्ञान संस्कार मंच का गठन किया गया है। जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को प्रतिदिन उपयोगी शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी।
नये शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से ही विद्यार्थियों को रोजाना 2 अंग्रेजी शब्द, 4 सामान्य ज्ञान प्रश्न, 1 मानसिक-गणितीय प्रश्न तथा एक प्रेरणादायक सुविचार भेजा जाएगा। यह सामग्री स्कूलों की प्रार्थना सभा में भी साझा की जाएगी और विद्यार्थियों के व्हाट्सऐप ग्रुप में भी उपलब्ध करवाई जाएगी जिससे वे बिना किसी रुकावट के नियमित रूप से सीख सकें। जिला शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा के अनुसार, सभी स्कूल मुखिया कक्षा अध्यापकों के माध्यम से यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रत्येक विद्यार्थी इस सामग्री को तिथिवार अपनी नोटबुक या रजिस्टर में लिखे। इस गतिविधि की गंभीरता बनाए रखने के लिए ज्ञान संस्कार मंच द्वारा त्रैमासिक आधार पर परीक्षा भी आयोजित की जाएगी। परीक्षा में विद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया जाएगा। खंड स्तर पर बेहतरीन परिणाम देने वाले स्कूलों के मुखिया और अध्यापकों को भी सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के सफ ल संचालन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जिला गणित विशेषज्ञ सुशील अरोड़ा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

