नाथूसरी चौपटा पॉलिटेक्निक प्रदेश में प्रथम, शिक्षा मंत्री ने किया सम्मानित
चंडीगढ़ में आयोजित समारोह में मिली 50 लाख की सम्मान राशि
नाथूसरी चौपटा स्थित चौधरी देवीलाल राजकीय बहुतकनीकी संस्थान ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार और बेहतरीन प्लेसमेंट रिकॉर्ड के आधार पर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं, सिरसा के ही गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक फॉर वुमेन (महिला पॉलिटेक्निक) ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए हरियाणा के 37 कॉलेजों में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। चंडीगढ़ स्थित हरियाणा भवन में तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित विशेष समारोह में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा और खेल मंत्री गौरव गौतम ने नाथूसरी चौपटा संस्थान को इस उपलब्धि के लिए 50 लाख रुपये की सम्मान राशि का चेक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। संस्थान की ओर से प्रधानाचार्य विवेक वोहरा और ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट अधिकारी राजकुमार दास ने यह सम्मान प्राप्त किया। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव विनीत गर्ग और महानिदेशक प्रभजोत सिंह मौजूद रहे।
प्रधानाचार्य विवेक वोहरा ने बताया कि संस्थान ने लगभग शत-प्रतिशत दाखिले के साथ-साथ उद्योग जगत में अपनी विश्वसनीयता साबित की है। सुदृढ़ औद्योगिक संबंधों के चलते विद्यार्थियों को बेहतरीन प्लेसमेंट मिला है। नवाचारी शिक्षण पद्धतियों ने संस्थान को अन्य कॉलेजों से आगे खड़ा किया है।
महिला पॉलिटेक्निक को 'बेस्ट पॉलिटेक्निक अवॉर्ड'
समारोह में सिरसा के महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज को भी 'बेस्ट पॉलिटेक्निक अवॉर्ड' से नवाजा गया। कॉलेज को प्रदेश भर में तीसरा स्थान मिलने पर प्रिंसिपल मंजू गेरा ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि 37 संस्थानों के बीच तीसरा स्थान मिलना सभी शिक्षकों और स्टाफ की कड़ी मेहनत का परिणाम है। सिरसा जिले के दो संस्थानों का शीर्ष तीन में आना तकनीकी शिक्षा की दिशा में जिले की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

