नरवाना को जल्द मिलेगा नया बस स्टैंड और जलभराव से मिलेगी निजात : बेदी
मंत्री ने सुनीं जन समस्याएं, एलपीजी की जमाखोरी करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रदेश का सर्वांगीण विकास करना है। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़कों का निर्माण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और पेयजल व बिजली की निर्बाध आपूर्ति जैसी बुनियादी आवश्यकताओं पर निरंतर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सैनी के विजन के अनुरूप समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी नीतियों का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। कैबिनेट मंत्री शुक्रवार को स्थानीय लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में जन समस्याएं सुन रहे थे।
मंत्री ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि नरवाना शहर में पिछले कई वर्षों से बनी जलभराव की समस्या का समाधान अब अंतिम चरण में है और जल्द ही इससे स्थायी मुक्ति मिलेगी। इसके साथ ही, लोगों की पुरानी मांग को पूरा करते हुए नरवाना वासियों को नये बस स्टैंड के भव्य भवन की सौगात दी जाएगी, जिसकी सभी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं। स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नागरिक अस्पताल के भवन का जीर्णोद्धार किया जा रहा है और इसकी क्षमता 50 बेड से बढ़ाकर 100 बेड करने का प्रावधान किया गया है। जनसुनवाई के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले किसी भी फरियादी को निराश न किया जाए और उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास करें। इस अवसर पर भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और स्थानीय नेता उपस्थित रहे। अंत में कैबिनेट मंत्री ने प्रदेशवासियों को नवरात्र की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।

