आधुनिक पालने में पलेंगे बिन मां के लाल : मिक्षा रंगा
महिला एवं बाल विकास की पालना शिशु स्वागत केंद्र झांकी रही द्वितीय
गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान तेजली स्टेडियम में आयोजित विभागों के प्रस्तुतिकरण में महिला एवं बाल विकास विभाग के मिशन वात्सल्य की पालना शिशु स्वागत केंद्र की झांकी द्वितीय स्थान पर रही। समारोह के मुख्य अतिथि मंत्री अनिल विज ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस झांकी के माध्यम से लाइव मॉडल प्रस्तुत किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी मिक्षा रंगा ने बताया कि विभाग का पालना शिशु स्वागत केंद्र एक मानवीय पहल है जिसका उद्देश्य परित्यक्त एवं असहाय नवजात शिशुओं के जीवन की रक्षा करना है। शिशु को तत्काल चिकित्सीय देखभाल, सुरक्षा एवं संरक्षण प्रदान कर जेजे अधिनियम 2015 एवं मिशन वात्सल्य के अंतर्गत सभी आवश्यक प्रक्रियाएं अपनाई जाती हैं। आगे चलकर शिशु के पुनर्वास एवं गोद देने की विधिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है। कार्यवाहक जिला बाल संरक्षण अधिकारी रंजन शर्मा ने बताया कि ये पालने बेहद आधुनिक तकनीक से लैस हैं। कोई शिशु रखे जाने पर सेंसर के माध्यम से सूचना मिलती है। जिले में 3 स्थानों पर पालने स्थापित किये गए हैं, जिनमें पहला सिविल अस्पताल यमुनानगर, दूसरा सिविल अस्पताल जगाधरी और तीसरा बाल देख-रेख संस्थान बाल कुंज छछरौली में स्थित है।

