रेत से भरे ट्राले ने कुचला मां की मौत, बच्ची गंभीर
ढांड में शुक्रवार सुबह सैर के लिए निकली मां-बेटी को रेत से भरे ट्राले ने कुचल दिया। हादसे में 21 वर्षीय पूजा की मौत हो गई, जबकि उसकी गोद में मौजूद 18 माह की बेटी मानवी गंभीर रूप से घायल...
ढांड में शुक्रवार सुबह सैर के लिए निकली मां-बेटी को रेत से भरे ट्राले ने कुचल दिया। हादसे में 21 वर्षीय पूजा की मौत हो गई, जबकि उसकी गोद में मौजूद 18 माह की बेटी मानवी गंभीर रूप से घायल हो गई। बच्ची की दोनों टांगें टूट गई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर किया गया है। हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, मृतका पूजा मूलरूप से बिहार के बेगूसराय की रहने वाली थी और पिछले लंबे समय से अपने परिवार के साथ ढांड में रह रही थी। पूजा के देवर करण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार सुबह करीब छह बजे परिवार के सदस्य सैर करने के लिए निकले थे। पूजा अपनी 18 माह की बेटी मानवी को गोद में लेकर मुख्य सड़क पर चल रही थी। इसी दौरान रेत से भरा एक ट्राला गलत दिशा में आता हुआ उनकी तरफ पहुंचा और मां-बेटी को चपेट में ले लिया। ट्राले का पहिया पूजा के ऊपर से निकल गया, जबकि उसकी गोद में मौजूद बच्ची भी गंभीर रूप से घायल हो गई। गंभीर रूप से घायल पूजा को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं बच्ची मानवी की हालत गंभीर होने के कारण उसे पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर कर
दिया गया।
ट्राला चालक के खिलाफ केस दर्ज
एसआई एवं थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि ढांड थाना पुलिस ने मृतका के देवर करण की शिकायत पर ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और चालक की भूमिका की जांच कर रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। मृतका के देवर की शिकायत पर ट्राला चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

