मिड-डे मील में फफूंद लगा गुड़ किया सप्लाई, बच्चों की सेहत से खिलवाड़
हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन पर उठे सवाल, राशन बदलने के निर्देश
दैनिक ट्रिब्यून एक्सक्लूसिव
अम्बाला समेत प्रदेश के कई जिलों के राजकीय स्कूलों में हरियाणा एग्रो इंडस्ट्री काॅरपोरेशन द्वारा निम्र स्तर का सूखा राशन व फफूंद लगा गुड़ सप्लाई किए जाने से हड़कंप मच गया है। पूरे मामले को लेकर हरियाणा एग्रो सवालों के घेरे में है। मौलिक शिक्षा विभाग के महानिदेशक भी खराब सप्लाई को बदल देने की बात कहते हुए सारे मामले पर लीपापोती करने में जुट गए। उन्होंने ऐसे कोई आदेश नहीं दिया कि दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस लापरवाही के लिए किसकी जिम्मेवारी तय की जाएगी और उनको क्या सजा मिलेगी यह तो भविष्य के गर्भ में है, लेकिन यह तय है कि मिड-डे मील में दिए जाने वाले भोजन के स्थान पर निम्र और फफूंद लगे राशन को बच्चों को परोसे जाने से उनकी जान जोखिम में पड़ सकती थी।
जानकारी के मुताबिक अभी तक जिला अम्बाला, फतेहाबाद, हिसार, कैथल व यमुनानगर के विद्यालयों में इस प्रकार का निम्र राशन और फफूंद लगा गुड़ भेजा गया है। इस बारे में संबंधित जिला शिक्षा अधिकारियों को शिकायत दी गई कि उनके विद्यालयों में हरियाणा एग्रो द्वारा भोजन की साम्रगी वितरित की जा रही है, उसमें गुड़ व अन्य खाद्य साम्रगी की गुणवत्ता निम्न स्तर की है व फफूंद लगी पाई गई है। कई स्थानों पर राजमा भी खराब पाया गया। अम्बाला के ही बड़ागांव स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रतनगढ़ के राजकीय मिडल स्कूल, संभालखा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, साबगा स्थित राजकीय माध्यमिक स्कूल, होली स्थित स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय व राजकीय माध्यमिक स्कूल, बलदेव नगर स्थित पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, समलेड़ी के राजकीय प्राथमिक स्कूल, लंडा के राजकीय उच्च विद्यालय, लौटां के राजकीय प्राथमिक विद्यालय आदि से फफूंद लगे गुड़ की शिकायतें जिला शिक्षा अधिकारी को मिल चुकी हैं। कुछ स्कूल के मिड-डे मील में निकला खराब राजमा का वीडियो वायरल भी हो रहा है।
हरकत में आया विभाग
अब मौलिक शिक्षा हरियाणा के महानिदेशक हरकत आए हैं। उन्होंने प्रबंधक निदेशक बिक्री, हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड पंचकूला को पत्र भेजकर इस मामले की जानकारी दी। महानिदेशक ने पत्र में लिखा कि जिला शिक्षा अधिकारियों से प्राप्त शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए संबंधित स्कूलों में सप्लाई किए खराब राशन को तुरंत बदलकर नया साफ-सूथरा व उच्च गुणवत्ता वाला राशन स्कूलों में वितरित करवाया जाए। साथ ही विभाग को स्थिति से तुरंत अवगत कराया जाए। इसकी एक प्रति महानिदेशक मौलिक शिक्षा हरियाणा द्वारा एक-एक प्रति जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी अम्बाला, फतेहाबाद, हिसार, कैथल व यमुनानगर को भेजी गई है।

