वकीलों से मिले विधायक गौतम, बेटे के समर्थन में की वोट अपील
पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के आगामी चुनाव को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। उम्मीदवार और उनके समर्थक वकीलों से मुलाकात कर समर्थन जुटाने में लगे हैं। इसी क्रम में सफीदों से भाजपा विधायक राम कुमार गौतम बुधवार को...
पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के आगामी चुनाव को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। उम्मीदवार और उनके समर्थक वकीलों से मुलाकात कर समर्थन जुटाने में लगे हैं। इसी क्रम में सफीदों से भाजपा विधायक राम कुमार गौतम बुधवार को यमुनानगर पहुंचे और अधिवक्ताओं से मुलाकात करके अपने बेटे रजत गौतम के लिए समर्थन मांगा।
विधायक गौतम ने अधिवक्ताओं के चैंबरों में जाकर व्यक्तिगत रूप से उनसे बातचीत की और चुनाव में समर्थन देने की अपील की। इसके बाद उन्होंने बार रूम, में अधिवक्ताओं की एक सभा को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में सच्ची राजनीति की है और हरियाणा विधानसभा में हमेशा वंचित वर्गों के मुद्दों को मजबूती से उठाया है।
उन्होंने अधिवक्ताओं से अपील की कि बार काउंसिल के प्रतिनिधियों का चयन करते समय जातिवाद से ऊपर उठकर योग्य उम्मीदवार को चुनें। उन्होंने रजत गौतम की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि रजत वर्तमान में अतिरिक्त महाधिवक्ता के पद पर कार्यरत हैं और इससे पहले भी बार काउंसिल के चेयरमैन रहते हुए वकीलों के हित में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। इस मौके पर वरिष्ठ अधिवक्ता राजकुमार शर्मा ने रजत गौतम का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि रजत हमेशा से वकीलों के हितों के लिए काम करते रहे हैं और भविष्य में भी ऐसा ही करते रहेंगे। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विक्रांत सिंह चौहान ने भी बार रूम में अधिवक्ताओं को संबोधित किया।

