विधायक भड़ाना ने हेलीकॉप्टर से करवाई पुष्प वर्षा
फाल्गुनोत्सव : जय श्रीश्याम के जयघोष से गूंजा चुलकाना धाम
चुलकाना धाम में चल रहे श्रीश्याम फाल्गुनोत्सव के दौरान शुक्रवार को एकादशी पर आस्था का सैलाब उमड़ा। लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में समालखा विधायक मनमोहन भड़ाना ने हेलीकॉप्टर से श्याम भक्तों पर पुष्प वर्षा कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। जैसे ही आसमान से फूलों की वर्षा हुई, पूरा धाम जय श्रीश्याम के जयघोष से गूंज उठा। श्याम मंदिर सेवा समिति के प्रधान सेवक रोशन लाल छौक्कर के नेतृत्व में समिति पदाधिकारियों ने इसे श्रद्धालुओं के लिए यादगार क्षण बताया।
प्रधान सेवक रोशन लाल छौक्कर ने बताया कि एकादशी के अवसर पर बाबा श्याम का विशेष शृंगार किया गया। कलकत्ता से मंगाए रंग-बिरंगे फूलों और ड्राई फ्रूट्स से सजे बाबा की मनमोहक छवि ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। दिनभर लंबी कतारों में लगकर भक्तों ने श्रद्धापूर्वक दर्शन किए। मंदिर के मुख्य द्वार से लेकर पूरे गांव की गलियां श्याम भक्तों से अटी रहीं। मंदिर परिसर में सुव्यवस्थित लाइनों और पुख्ता प्रबंधों के चलते श्रद्धालुओं को दर्शन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। चुलकाना रोड सहित गांव के चारों तरफ विभिन्न स्थानों पर सेवा शिविर लगाए गए, जहां श्रद्धालुओं के लिए फ्रूट चाट, विभिन्न व्यंजन और प्रसाद की व्यवस्था की गई। गांव के चारों ओर दिनभर भंडारे चलते रहे।
नवविवाहित जोड़ों और बच्चों के मुंडन की परंपरा निभाई
शाम ढलते ही मंदिर में नवविवाहित गठजोड़े की जात देने वाले परिवारों और बच्चों के मुंडन संस्कार के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। जिन परिवारों में बाबा श्याम को कुलदेवता के रूप में पूजा जाता है, वे विवाह उपरांत नवविवाहित जोड़े को यहां लाकर शादी की चूंदड़ी ओढ़ाकर धोक लगवाते हैं और आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। इस दौरान सास या ननद का साथ होना भी परंपरा का हिस्सा माना जाता है। इसी प्रकार छोटे बच्चों के प्रथम केश (मुंडन) भी यहां अर्पित किए जाते हैं। यह परंपरा प्राचीन काल से चली आ रही है और आज भी पूरे श्रद्धा भाव के साथ निभाई जा रही है।

