मंत्री गंगवा ने लोगों के साथ खेली होली, ड्रोन व जेसीबी से हुई फूलों की वर्षा
बरवाला में होली मिलन समारोह व सांग उत्सव आयोजित
पुरानी अनाज मंडी में रविवार को होली मिलन समारोह एवं सांग उत्सव का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने क्षेत्रवासियों के साथ फूलों की होली खेली। कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध कलाकार डॉ. सतीश कश्यप एवं उनकी टीम ने हरियाणवी सांग की शानदार प्रस्तुति दी। उन्होंने सांग के माध्यम से सामाजिक समरसता, भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत का सुंदर संदेश दिया। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक लोकगीतों और नृत्य ने वातावरण को रंगमय बना दिया।
मंत्री रणबीर गंगवा ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का पर्व है, जो समाज को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से सामाजिक एकता को मजबूती मिलती है और हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर मिलता है। इस अवसर पर पूरे परिसर में ड्रोन व जेसीबी मशीनों से फूलों की वर्षा की गई। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने मंत्री रणबीर गंगवा के जन्मदिन के उपलक्ष्य में केक काटा और उनके अच्छे स्वास्थ्य व दीर्घायु की कामना की। पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा व पूर्व चेयरमैन रणधीर धीरू ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। समारोह में पूर्व पार्षद सुंदर गोयल, भाजपा नेता प्रमोद सिवाच, विनोद बंसल, रामनिवास खोवाल, जगदीप रेडडू, जयनारायण राजली वाला, देशराज बरवाला, मेयर प्रवीण पोपली, नप चेयरमैन रमेश बैटरीवाला, भाजपा नेता संजीव गंगवा, चेयरमैन प्रवीण सैनी, मनोज संदूजा व पार्षद अनूप सैनी मौजूद रहे।

