Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

विवाहित व्यक्तियों के लिव-इन में रहने से 4 घर होते हैं बर्बाद, आयोग के पास ऐसे 60 फीसदी केस : रेणु

समाज में रिश्तों के गिरते स्तर पर महिला आयोग की चेयरपर्सन ने जताई चिंता

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
फतेहाबाद में मीडिया कर्मियों से बातचीत करतीं रेणु भाटिया। -हप्र
Advertisement

हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने समाज में रिश्तों के गिरते स्तर और पारिवारिक मूल्यों के लगातार हो रहे क्षरण पर गहरी चिंता व्यक्त की। मंगलवार को फतेहाबाद दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने जिला स्तर पर सामने आ रहे बेहद संवेदनशील और हैरान करने वाले मामलों का खुलासा किया।

उन्होंने कहा कि पाश्चात्य संस्कृति और लिव-इन रिलेशनशिप के बढ़ते चलन ने भारतीय समाज की सबसे मजबूत कड़ी यानी ‘पारिवारिक ढांचे’ को हिलाकर रख दिया है। अपने फतेहाबाद दौरे के दौरान महिला आयोग की चेयरपर्सन ने पीएम श्री कन्या स्कूल और वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण भी किया तथा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर महिलाओं की सुरक्षा व कल्याण योजनाओं की समीक्षा की। चेयरपर्सन ने अपने 4 साल के कार्यकाल के आंकड़ों और कुरुक्षेत्र एनआईटी में हुए छात्रों के सुसाइड केस पर विस्तार से बात की।

Advertisement

रेणु भाटिया ने बताया कि उनके कार्यकाल में आए करीब 14,700 मामलों में से 60 प्रतिशत मामले लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़े हैं। उन्होंने 2 टूक कहा कि जब विवाहित महिला या पुरुष लिव-इन में जाते हैं, तो दो नहीं बल्कि चार परिवार बर्बाद होते हैं। उन्होंने इस कानून में संशोधन की मांग की। कुरुक्षेत्र एनआईटी में छात्रों की आत्महत्या के कारणों पर उन्होंने खुलासा किया कि इसके मूल में नशा, जुआ और भारी कर्ज है। उन्होंने उदाहरण दिया कि एक निजी बैंक ने प्रथम वर्ष के छात्र को अपनी गर्लफ्रेंड के लिए मोबाइल खरीदने हेतु बिना किसी पुख्ता कागजात के 70 हजार रुपये का लोन दे दिया। छात्र 36 फीसदी के भारी ब्याज चक्रव्यूह में ऐसा उलझा कि उसने आत्महत्या कर ली। आयोग ने इस संबंध में बैंक अधिकारियों और प्रदेश सरकार को सख्त कदम उठाने के लिए लिखा है।

Advertisement

‘बादशाह पर कार्रवाई से बाकी कलाकारों को सबक’

गानों और फिल्मों में बढ़ते गन कल्चर और अश्लीलता पर बोलते हुए चेयरपर्सन ने कड़ा लहजा अपनाया। उन्होंने कहा कि हमने रैपर बादशाह रैपर पर सख्त कार्रवाई की, जिससे बाकी कलाकारों को भी कड़ा सबक मिला है। उन्होंने अश्लीलता व गन कल्चर को पूरी तरह रोकने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री से एक विशेष सेंसर या निगरानी कमेटी बनाने की अपील की है।

पति पर अवैध संबंध का आरोप, एसपी से रिपोर्ट तलब

रेणु भाटिया ने फतेहाबाद के एक ऐसे केस की जानकारी दी जिसने सामाजिक मर्यादाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक महिला ने पति पर अपनी सगी बहू के साथ अवैध संबंध रखने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में नया मोड़ तब आया जब पति ने पलटवार करते हुए पत्नी के गर्भ में पल रहे बच्चे को अपने ही पिता का होने का दावा कर दिया और डीएनए टेस्ट की मांग उठा दी। वर्तमान में महिला अपने शादीशुदा बेटे के साथ रह रही है, जबकि पुरुष अपने अविवाहित बेटे व बेटी के साथ अलग रह रहा है। रेणु भाटिया ने बताया कि इस झकझोर देने वाले मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फतेहाबाद की एसपी निकिता खट्टर को केस सौंपकर 10 दिनों के भीतर पूरी स्टेटस रिपोर्ट तलब की गई है।

Advertisement
×