प्रदेश में सेवा और सुशासन दिवस के रूप में मनाया मनोहर लाल का जन्मदिन
पानीपत में विधायक विज ने बांटे 31 लाख व 11 ट्राॅली चारा, इन्द्री में रोपे 72 औषधीय पौधे; सिरसा-छछरौली-चौपटा में रक्तदान के लिए उमड़ा जनसैलाब
करनाल, 5 मई (हप्र)
केंद्रीय ऊर्जा मंत्री व हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल का जन्मदिन मंगलवार को करनाल में सामाजिक, धार्मिक संगठनों और भाजपा नेताओं द्वारा ‘सेवा, संस्कार और पर्यावरण संरक्षण’ के संकल्प के रूप में मनाया गया। जन्मदिन के उपलक्ष्य में शहर में विभिन्न सेवा प्रकल्प चलाए गए, जिनमें विधायक जगमोहन आनंद ने मुख्य रूप से शिरकत की।
सदर बाजार स्थित श्रद्धानंद अनाथालय में आयोजित हवन में विधायक जगमोहन आनंद ने आहुति डाली। उन्होंने अनाथालय के बच्चों को स्कूल बैग और प्रसाद वितरित किया। इसके बाद भाजपा कार्यालय ‘कर्ण कमल’ परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उपस्थित नेताओं व कार्यकर्ताओं ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। विधायक आनंद ने अपने संदेश में कहा कि मनोहर लाल का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीन लाठर, जिला प्रभारी भारत भूषण जुयाल, पूर्व जिलाध्यक्ष बृज भूषण गुप्ता, चेयरपर्सन मेघा भंडारी ने भी उन्हें बधाई दी। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के जन्मदिन पर ‘स्वच्छ भारत मिशन’ हरियाणा के कार्यकारी वाइस चेयरमैन सुभाष चन्द्र ने अपने सहयोगियों व कार्यकर्ताओं के साथ निवास स्थान पर हवन का आयोजन किया। सुभाष चन्द्र ने पूर्व मुख्यमंत्री के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताया। सदर बाजार स्थित संत निक्का सिंह पब्लिक स्कूल की शाखा में जाकर जरूरतमंद बच्चों को स्टेशनरी और पठन सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम में प्रवीण कुमार, सुभाष कश्यप, रवि सौदा, मुकेश कालरों, सतीश कश्यप, ओमप्रकाश, अमरजीत सैन मौजूद रहे।
करनाल सिटी के शिल्पकार हैं मनोहर : रेणु बाला
करनाल की मेयर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि करनाल शहर की सुव्यवस्थित सड़कें, अत्याधुनिक पार्कों का जाल और वेस्टर्न बाईपास जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स मनोहर लाल की दूरगामी सोच का नतीजा हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में स्थापित कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज मनोहर लाल की करनाल को सबसे बड़ी देन है। वास्तव में मनोहर लाल ही करनाल स्मार्ट सिटी के मुख्य शिल्पकार हैं। इस दौरान माता प्रकाश कौर श्रवण एवं वाणी निशक्तजन कल्याण केंद्र में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। मुख्य रूप से महापौर रेणु बाला गुप्ता ने बच्चों को अपने हाथों से भोजन वितरित किया।
पानीपत : 31 लाख की सहायता और पौधारोपण
- पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज के कार्यालय में आयोजित भव्य हवन-यज्ञ में राज्यसभा सांसद संजय भाटिया और जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट सहित शीर्ष नेताओं ने आहुति डाली। इस अवसर पर विधायक विज ने विभिन्न सामाजिक संस्थाओं को 31 लाख रुपये की सहायता राशि वितरित की और गौसेवा के लिए 11 ट्राली हरा चारा रवाना किया।
- सुप्रसिद्ध मनोहर लाल पार्क में विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्णलाल पंवार की अध्यक्षता में पौधारोपण अभियान की शुरुआत की गई।
- जिला कार्यालय ‘श्याम कमल’ में प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता और मेयर कोमल सैनी की गरिमामयी उपस्थिति में वैदिक विधि-विधान से हवन संपन्न हुआ, जहां नेताओं ने मनोहर लाल को ‘राष्ट्र प्रथम’ की सोच रखने वाला जननायक बताया।
कैथल व इंद्री : सुशासन-सुस्पष्ट नेतृत्व को नमन
-भाजपा जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं ने आहुति डालकर मनोहर लाल के पारदर्शी राजनीतिक जीवन की सराहना की। वहीं, बाबू अनंत राम जनता कॉलेज कौल के प्रांगण में पूर्व विधायक चौधरी तेजवीर सिंह के नेतृत्व में हवन-यज्ञ हुआ। वक्ताओं ने उनके कार्यकाल को प्रदेश में भाई-भतीजावाद और क्षेत्रवाद के खात्मे तथा अंत्योदय उत्थान का स्वर्णिम दौर बताया।
- विधायक मनमोहन भड़ाना ने अपने आवास पर हवन व विशाल भंडारे का आयोजन किया। भड़ाना ने स्वयं खड़े होकर आमजन और बच्चों को प्रसाद परोसा और मनोहर लाल को ‘राजनीतिक संत’ की संज्ञा दी।
-इन्द्री में गवर्नमेंट चीफ व्हिप व विधायक रामकुमार कश्यप ने देवी मंदिर में पूर्णाहूति देने के पश्चात डॉ. भीमराव आंबेडकर हर्बल पार्क में उनके 72वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 72 औषधीय व फलदार पौधे रोपे।
छछरौली व सिरसा: रक्तदान शिविरों में उमड़े युवा
-छछरौली में प्रतापनगर के वीरेंद्र मोहन गीता विद्या मंदिर में आयोजित रक्तदान शिविर का उद्घाटन स्कूल प्रबंधक रविंद्र कुमार ने किया, जहाँ 6 महिलाओं सहित युवाओं ने 46 यूनिट रक्त दान किया। वक्ताओं ने मनोहर लाल द्वारा युवाओं को ‘बिना खर्ची-बिना पर्ची’ के दी गई नौकरियों को ऐतिहासिक मिसाल बताया।
-सिरसा के हिसारिया बाजार स्थित हलोपा सुप्रीमो गोपाल कांडा के कार्यालय में वरिष्ठ भाजपा नेता गोबिंद कांडा के नेतृत्व में भव्य कार्यक्रम हुआ। यहाँ आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 100 यूनिट रक्त एकत्रित किया। गोबिंद कांडा ने कहा कि मनोहर लाल द्वारा शुरू की गई डिजिटल क्रांति के कारण ही आज हरियाणा देश का अग्रणी राज्य बना है। वहीं भाजपा जिला कार्यालय सरसाई कमल में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के जन्मदिन पर हवन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा के जिला अध्यक्ष एडवोकेट यतींद्र सिंह के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें जिला भर के प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शिरकत की।
नरवाना: मंत्री बेदी ने कार्यकर्ताओं को खिलाए लड्डू
-सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी ने मंगलवार को स्थानीय पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी आवास मंत्री व पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल का जन्मदिन मनाया। कैबिनेट मंत्री ने स्वयं लोगों को लड्डू खिलाकर बधाई दी।

