महाराणा प्रताप का जीवन राष्ट्रभक्ति और संघर्ष का प्रतीक : राणा
शहजादपुर में 17 मई को मनेगी जयंती, मुख्यमंत्री और मिजोरम के राज्यपाल होंगे मुख्यातिथि
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप का जीवन और उनके आदर्श आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। वे राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और त्याग के अद्वितीय प्रतीक हैं। कृषि मंत्री बृहस्पतिवार को कलायत में आगामी 17 मई को अम्बाला के शहजादपुर में आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय महाराणा प्रताप जयंती समारोह का निमंत्रण देने पहुंचे थे। कलायत पहुंचने पर पार्षदों, 36 बिरादरी के प्रतिनिधियों, धार्मिक, राजनैतिक और सामाजिक संगठनों ने कृषि मंत्री का परंपरागत तरीके से स्वागत किया। कृषि मंत्री होने के नाते उन्हें ‘ज्वार का गुलदस्ता’ भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान मंत्री ने लोगों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में शहजादपुर पहुंचकर वीर शिरोमणि को श्रद्धासुमन अर्पित करें। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में मिजोरम के राज्यपाल वीके सिंह और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शिरकत करेंगे।
श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रदेश सरकार महापुरुषों की जयंती को बड़े स्तर पर मनाकर देश के भविष्य (युवाओं) को समृद्ध इतिहास और संस्कृति से जोड़ने का सार्थक कार्य कर रही है। इससे न केवल राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा मिलता है, बल्कि सभी वर्गों को बराबरी का दर्जा भी महसूस होता है। इस अवसर पर राजीव राजपूत, अजय प्रताप राणा, मार्केट कमेटी अध्यक्ष राजकिशन राणा, मैनपाल राणा, जयदीप राणा, सलिंद्र प्रताप राणा, सुमन राणा और अनिल जैलदार सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

