Karnal SDM Office Fire : करनाल के एसडीएम कार्यालय में लगी भीषण आग, रिकॉर्ड और फाइलें जलकर खाक
दमकल की दो गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू, आग लगने के कारणों की जांच जारी
Karnal SDM Office Fire : करनाल के लघु सचिवालय स्थित एसडीएम कार्यालय में मंगलवार को अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से कार्यालय में रखा रिकॉर्ड, फाइलें और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दमकल विभाग के अधिकारी दीपक ने बताया कि डीसी कार्यालय से एसडीएम कार्यालय में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। उन्होंने बताया कि कार्यालय के अंदर रखे दस्तावेज और फाइलें जल गई हैं। इसके अलावा एसी, पंखे और कूलर समेत अन्य सामान भी आग की चपेट में आया है। आग से हुए कुल नुकसान की जानकारी जिला प्रशासन की ओर से दी जाएगी।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
एसडीएम देवेंद्र शर्मा ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को सूचित किया गया। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। उन्होंने कहा कि आग किस तरह और किन कारणों से लगी, यह जांच का विषय है। प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है।
एसडीएम ने बताया कि कार्यालय का कुछ रिकॉर्ड और अन्य सामान आग से जला है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

