Kapil Muni teerth suicide :कलायत में घरेलू कलह के बाद दो सगी बहनों ने तीर्थ में कूदकर दी जान, बेटियों के गम में मां ने भी छलांग लगाई
घरेलू कहासुनी के बाद सुबह सवा 5 बजे उठाया आत्मघाती कदम, स्थानीय लोगों ने मां को बचाया
Kapil Muni teerth suicide : कलायत के ऐतिहासिक श्री कपिल मुनि मंदिर तीर्थ में मंगलवार अल सुबह दो सगी बहनों द्वारा गहरे पानी में छलांग लगाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बेटियों की मौत की खबर सुनते ही सदमे में आई मां ने भी उसी तीर्थ में कूदकर अपनी जान देने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें सकुशल बाहर निकाल लिया।
वार्ड नंबर-1 रेलवे रोड (कुलवंत नगर) निवासी रविंद्र कुमार की 20 वर्षीय बेटी पलक (गैस एजेंसी कर्मी) और 18 वर्षीय बेटी परमजीत (बीए प्रथम वर्ष की छात्रा) का सोमवार रात घरेलू कामकाज को लेकर घर में विवाद हुआ था। इसी कहासुनी से आहत होकर दोनों बहनें मंगलवार सुबह करीब सवा 5 बजे कपिल मुनि मंदिर तीर्थ पहुंचीं। उन्होंने किनारे पर अपनी चप्पलें उतारीं और रेलिंग पार कर गहरे पानी में छलांग लगा दी।
महिलाओं ने कूदते देखा, स्थानीय युवकों ने निकाले शव![]()
तीर्थ परिसर में मौजूद दो महिलाओं ने युवतियों को पानी में कूदते देख तुरंत शोर मचाया और स्थानीय लोगों को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों के समय पर न पहुंचने के कारण स्थानीय युवकों ने खुद पानी में उतरकर दोनों बहनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं। तीर्थ परिसर के सीसीटीवी कैमरों में भी दोनों बहनें तेजी से तालाब की ओर जाती दिखाई दे रही हैं।
मां ने भी किया आत्मघाती प्रयास, कैथल रेफर किए शव
दो बेटियों के डूबने की सूचना पाकर मौके पर पहुंची मां बदहवास हो गई और उसने भी उसी तीर्थ के पानी में छलांग लगा दी। हालांकि, वहां खड़े लोगों ने तुरंत सक्रियता दिखाकर उन्हें सुरक्षित बचा लिया। मृतकाओं के पिता रविंद्र कुमार ने बताया कि उनकी चार बेटियां हैं। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए कैथल नागरिक अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर मामले की गहन जांच की जा रही है।
