Kaithal Police Encounter : दुकानदार पर फायरिंग मामले में एनकाउंटर के बाद मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में लगी गोली, अमेरिकी गैंगस्टर के इशारे पर की थी वारदात
Kaithal Police Encounter : कैथल के चीका में मोबाइल दुकानदार पर दिनदहाड़े गोली चलाने के मामले में कैथल पुलिस को बुधवार सुबह बड़ी सफलता मिली है। पुलिस मुठभेड़ के बाद वारदात के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ढांड क्षेत्र में हुई मुठभेड़
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मुख्य आरोपी रजत, निवासी कुरुक्षेत्र, ढांड क्षेत्र में छिपा हुआ है। वह फिरौती न देने पर उसी दुकानदार को दोबारा निशाना बनाने की फिराक में था। जब स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने घेराबंदी की, तो आरोपी बाइक पर भागने लगा। नेशनल हाईवे 152डी पुल के पास पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर आरोपी ने टीम पर करीब चार राउंड फायरिंग की। आत्मरक्षार्थ पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें से एक गोली रजत के पैर में लगी और उसे काबू कर लिया गया।
अमेरिका से जुड़े वारदात के तार
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने यह फायरिंग अमेरिका में बैठे गैंग सरगना साहिल भागल के कहने पर की थी। साहिल भागल पर कुरुक्षेत्र में पहले भी कई स्थानों पर फायरिंग कर फिरौती मांगने के आरोप हैं और वह पुलिस रिकॉर्ड में वांछित अपराधी है। पुलिस ने दूसरे आरोपी की पहचान कर ली है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। आरोपी रजत पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक इस पूरे मामले का विस्तृत खुलासा जल्द ही प्रेस वार्ता के दौरान कर सकते हैं।

