बुजुर्गों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी जजपा : दिग्विजय
जजपा के राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला बृहस्पतिवार को चौधरी देवीलाल शिक्षण संस्थान जगाधरी में पहुंचे। यहां उन्होंने जिले में 22 फरवरी को होने वाले युवा योद्धा सम्मेलन को लेकर पदाधिकारी से बात की। पत्रकारों से बात करते हुए...
जजपा के राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला बृहस्पतिवार को चौधरी देवीलाल शिक्षण संस्थान जगाधरी में पहुंचे। यहां उन्होंने जिले में 22 फरवरी को होने वाले युवा योद्धा सम्मेलन को लेकर पदाधिकारी से बात की। पत्रकारों से बात करते हुए दिग्विजय ने कहा कि भाजपा समाज को बांटने में लगी है। हिंदू एकता सम्मेलन भी सोची-समझी रणनीति के तहत भाजपा द्वारा किए जा रहे हैं। अब भाजपा बुजुर्गों को अपमानित करने का काम कर रही है। चौधरी देवीलाल ने बुजुर्गों के सम्मान के लिए बुढ़ापा पेंशन शुरू की थी, लेकिन आय का बहाना बनाकर प्रदेश में करीब 72 हजार बुजुर्गों की पेंशन काट दी गई, लेकिन जजपा बुजुर्गों के सम्मान की लड़ाई मजबूती के साथ लड़ेगी।
जजपा नेता ने कहा कि हरियाणा क्राइम कैपिटल बना हुआ है। नौकरियों में हरियाणा के युवाओं की अनदेखी हो रही है। हरियाणा सरकार को श्वेत पत्र जारी कर बताना चाहिए कि हरियाणा के कितने युवाओं को दूसरे प्रदेशों में नौकरी मिली है। उन्होंने कहा कि दूसरे जिलों में हुए युवा योद्धा सम्मेलन पूरी तरह कामयाब रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी की अफसरशाही पर बिल्कुल भी पकड़ नहीं है। दिग्विजय सिंह ने बताया कि बीएलए वन और बीएलए टू बनाने का कार्य अगले महीने तक पूरा कर लिया जाएगा। इस अवसर पर धर्मवीर सिहाग, राजेश पायलट, राजू पाई, बृज, ओपी लाठर, इंतजार अली, जरनैल सिंह पंजेटा, कर्ण नरवाल, जोगेंद्र राणा, आशू पंडित, परमानंद जोगी, अनिल कुमार, राव, प्रदीप पंडित, संदीप संधू, गुरजीत कौर, राजेंद्र सिंह मौजूद रहे।

