जिन्दल के ‘कृषि संकल्प अभियान’ से कर्जमुक्त व समृद्ध बनेगी खेती : राणा
रादौर से कृषि मंत्री ने किया अभियान का आगाज
कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर तैयार ‘नवीन कृषि संकल्प अभियान’ का शुभारंभ सोमवार को रादौर के सफल पैलेस में आयोजित किसान सम्मेलन में हुआ। कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत कर इस अभियान का उद्घाटन किया। सांसद जिन्दल की ओर से विशेष मोबाइल मेडिकल यूनिट भी तैनात की गई, जिसने सैकड़ों किसानों को निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मंत्री राणा ने कहा कि सांसद जिन्दल ने देश व प्रदेश के किसानों के सुरक्षित भविष्य को ध्यान में रखकर इस कल्याणकारी व दूरदर्शी अभियान का सूत्रपात किया है। उन्होंने दावा किया कि यदि क्षेत्र के किसान आधुनिक वैज्ञानिक अन्न भंडारण की तकनीकों को अपनाएंगे और रासायनिक खेती छोड़कर प्राकृतिक कृषि की ओर कदम बढ़ाएंगे, तो उनकी खेती धीरे-धीरे पूरी तरह से कर्जमुक्त और अधिक मुनाफे वाली साबित होगी। मंत्री ने रसायनों के बढ़ते अंधाधुंध प्रयोग पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि आज समय की मांग है कि हम फर्टिलाइजर्स पर अपनी निर्भरता को न्यूनतम करें। किसानों को देसी गाय आधारित शून्य बजट प्राकृतिक खेती को अपनाना चाहिए और यूरिया-डीएपी के स्थान पर जीवामृत व घनजीवामृत जैसे प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग बढ़ाना चाहिए। इससे न केवल खेती की इनपुट कॉस्ट कम होगी, बल्कि भूमि की उपजाऊ शक्ति भी दीर्घकाल के लिए सुरक्षित रहेगी। सांसद जिन्दल के कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने किसानों से अपील की कि वे अन्न के हर दाने का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण व भंडारण करें।
विशेषज्ञों ने बताए कीट नियंत्रण के गुर
वेयरहाउस जगाधरी के डिप्टी जनरल मैनेजर विंध्य गौरव और क्षेत्रीय कार्यालय पंचकूला के तकनीकी विभागाध्यक्ष विजेंद्र जाग्रत ने अनाज को नमी व कीड़ों से बचाने की आधुनिक व्यावहारिक विधियां समझाईं। अभियान के मुख्य समन्वयक (कोर्डिनेटर) ईशान पांडे ने बताया कि यह अभियान कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के सभी ब्लॉकों में चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा।
