जेलों में स्टाफ की कमी, एचएसएससी के माध्यम से जल्द होगी भर्ती : मित्तल
जेल महानिदेशक ने किया यमुनानगर जेल का दौरा
हरियाणा के जेल महानिदेशक और पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के महानिदेशक आलोक मित्तल ने रविवार को यमुनानगर जिला जेल का दौरा कर सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। मीडिया से बातचीत में उन्होंने स्पष्ट किया कि जेलों में बंद गैंगस्टरों और गंभीर मामलों के अपराधियों पर प्रशासन की कड़ी नजर है। उन्होंने बताया कि जेल के चप्पे-चप्पे पर आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से 24 घंटे हर गतिविधि की मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि जेल से किसी भी प्रकार की फिरौती या अवैध फोन कॉल न जाए, इसे सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जेलों में कार्यबल की कमी को स्वीकार करते हुए आलोक मित्तल ने कहा कि अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों की रिक्तियों को भरने के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया को जल्द ही अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, उन्होंने बताया कि जेलों में कैदियों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जा रहा है; भर्ती के समय ही उनके गंभीर बीमारियों के टेस्ट किए जाते हैं और डॉक्टरों की टीमें निरंतर उपचार के लिए तैनात रहती हैं।
महानिदेशक ने जेलों के सुधारात्मक पहलुओं पर जानकारी देते हुए बताया कि यमुनानगर जेल में लोहे की अलमारी बनाने की फैक्टरी सफलतापूर्वक चल रही है और जेल की भूमि पर पेट्रोल पंप भी स्थापित किया गया है। पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के तहत जेल परिसर में रिहायशी इमारतों का निर्माण कार्य जारी है, जो 15 मई तक पूर्ण हो जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कैदियों को रचनात्मक कार्यों में व्यस्त रखा जाए ताकि वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।

