‘बच्चों को संस्कारवान, शिक्षित बनाना जरूरी’
अग्रसेन कॉलेज में सामाजिक जागरूकता, पारिवारिक उत्तरदायित्व पर कार्यक्रम
अग्रसेन कॉलेज में हरियाणा राज्य महिला आयोग व जिला प्रशासन के तत्वावधान में सोमवार को सामाजिक जागरूकता एवं पारिवारिक उत्तरदायित्व पर विशेष मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसरपर अभिभावकों से आग्रह किया गया कि वे आने वाली बहू को बेटी के समान स्नेह दें ताकि एक सुरक्षित और अपराध मुक्त समाज की नींव रखी जा सके। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने शिरकत की। इस अवसर पर रेनू भाटिया ने कहा कि बदलते परिवेश में पति-पत्नी में आपसी विवाद के कारण परिवार बिखर रहे हैं। हमें आपसी बातचीत के माध्यम से अपने परिवार को बिखरने से बचाना होगा। हमें अपने बच्चों को संस्कारवान एवं शिक्षित बनाना है, क्योंकि संस्कारवान बेटा-बेटी मजबूती के साथ आगे बढ़ सकते हैं। घर के सदस्यों को समझने के लिए दूसरे परिवार से बहू के रूप में आई बेटी को कम से कम 2 वर्ष का समय अवश्य देना चाहिए। 16 वर्ष की आयु तक अपने बच्चों का ध्यान रखें और उनमें एक-दूसरे के प्रति आदर-सम्मान की भावना पैदा करें तथा बच्चों में परिवार, रिश्ते आदि की इज्जत करना आदि बातें अवश्य समझाएं। उन्होंने डिजिटल चुनौतियों पर चर्चा करते हुए कहा कि बच्चों में संस्कार परिवार व माता-पिता से ही आते है। माता-पिता को चाहिए कि वे काम के तनाव को घर की दहलीज के बाहर छोड़ें और बच्चों को अधिक से अधिक समय दें उनकी बात को सुनें और समस्या के समाधान का सुझाव दें।

