अंतर्राष्ट्रीय बॉक्सर नीरज गोयत निगम के ब्रांड अंबेसडर नियुक्त
मेयर, निगमायुक्त व अधिकारियों ने किया भव्य स्वागत
दुबई में शानदार जीत दर्ज कर स्वदेश लौटे शहर के अंतर्राष्ट्रीय बॉक्सर नीरज गोयत का सोमवार को नगर निगम कार्यालय में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर नगर निगम की ओर से उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया गया और उनकी उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया गया। समारोह में मेयर सुमन बहमनी, नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद, अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार, उप निगम आयुक्त कुलदीप मलिक सहित नगर निगम के अधिकारियों ने बॉक्सर नीरज गोयत को पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा फूल मालाएं पहनाकर सम्मानित किया। इसके साथ ही नगर निगम की ओर से नीरज गोयत को नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी का ब्रांड अंबेसडर नियुक्त किया गया। इस घोषणा पर उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
मेयर सुमन बहमनी ने अपने संबोधन में कहा कि नीरज गोयत ने अंतर्राष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर न केवल यमुनानगर बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। मेयर ने कहा कि ब्रांड अंबेसडर के रूप में नीरज गोयत शहर को स्वच्छ, स्वस्थ और खेलों के प्रति जागरूक बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि नीरज अपनी लोकप्रियता का उपयोग कर युवाओं को नशे से दूर रहने और खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगे।
नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने कहा कि नीरज गोयत की उपलब्धि यह दर्शाती है कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नगर निगम खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए आगे भी ऐसे प्रयास करता रहेगा। अतिरिक्त निगमायुक्त धीरज कुमार ने कहा कि नीरज की जीत से शहर के युवाओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। समारोह में बॉक्सर नीरज गोयत ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए अपनी सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने कहा कि दुबई में मुकाबला आसान नहीं था, लेकिन निरंतर अभ्यास, कोच का मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग से वह जीत हासिल कर सके।

